जयपुर, 7 मार्च। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को बहुप्रतीक्षित कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का शिलान्यास करने के उपरांत अधिकारियों की बैठक लेकर एयरपोर्ट निर्माण एवं आसपास के क्षेत्रों के विकास के लिए सघन दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि एयरपोर्ट के निर्माण के दो वर्षों के भीतर ही इसके आस-पास औद्योगिक और व्यावसायिक विकास का ठोस रोडमैप तैयार किया जाए, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और व्यापार के नए अवसर प्राप्त हों।

बैठक में मुख्यमंत्री ने रीको के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि एयरपोर्ट निर्माण से जुड़े हर चरण की नियमित मॉनिटरिंग हो और परियोजना समय पर एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण हो। उन्होंने कोटा और बूंदी के जिला कलक्टरों को ‘राइजिंग राजस्थान’ समिट के दौरान हुए निवेश एमओयू की समीक्षा कर जल्द से जल्द उन्हें धरातल पर उतारने के लिए कदम उठाने को कहा।

मुख्यमंत्री ने एयरपोर्ट से कोटा और बूंदी शहर की कनेक्टिविटी को विश्वस्तरीय बनाने की संभावनाओं का आकलन करने, साथ ही लालसोट-दौसा मेगा हाईवे के चौड़ाईकरण के प्रस्ताव पर कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए, ताकि यातायात सुगम हो और क्षेत्र में पर्यटन विकास को गति मिले। उन्होंने कहा कि ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के आसपास संपूर्ण क्षेत्र में हर प्रकार के विकास की संभावनाएं तलाशकर उन्हें क्रियान्वित किया जाए।

बैठक में लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने भी अधिकारियों को निर्देश दिए कि एयरपोर्ट निर्माण कार्यों की नियमित कड़ी मॉनिटरिंग की जाए और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि यह प्रोजेक्ट भविष्य की कसौटियों पर पूरी तरह खरा उतरे।

इस अवसर पर केंद्रीय नागर विमानन मंत्री श्री किंजरापु राम मोहन नायडू, शिक्षा मंत्री श्री मदन दिलावर, ऊर्जा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री हीरालाल नागर, विधायक श्री संदीप शर्मा, श्रीमती कल्पना देवी, श्री हरिमोहन शर्मा, मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास, संभागीय आयुक्त एवं कोटा और बूंदी के कलक्टर भी उपस्थित रहे।

इस बैठक और निर्देशों से स्पष्ट हुआ कि कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट सिर्फ एक हवाई परियोजना नहीं, बल्कि क्षेत्रीय औद्योगिक, व्यापारिक और पर्यटन विकास का केंद्र बनेगा, जो स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार सृजन और निवेश के नए अवसर खोलने में निर्णायक भूमिका निभाएगा।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story