स्वच्छता ही राजस्थान के निर्माण का सबसे बड़ा सूत्र: केके गुप्ता
झालावाड़ में आयोजित कार्यशाला में ब्रांड एम्बेसेडर केके गुप्ता ने अधिकारियों को आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण में राजस्थान को अव्वल बनाने के लिए कड़े निर्देश दिए।

झालावाड़ के जिला परिषद सभागार में गुरुवार को आयोजित जिला स्तरीय कार्यशाला के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों को स्वच्छता मिशन की महत्ता समझाते ब्रांड एम्बेसेडर केके गुप्ता।
झालावाड़। स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के ब्रांड एम्बेसेडर के.के. गुप्ता ने कहा है कि स्वच्छता कोई कार्य नहीं बल्कि जीवन शैली का अभिन्न अंग है। देश और प्रदेश में स्वच्छता की बयार चल पड़ी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन के विजन एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के संकल्प को साकार करने की जिम्मेदारी आठ करोड़ राजस्थानवासियों के साथ प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी की है।
स्वच्छता सर्वेक्षण में राजस्थान को अव्वल बनाने का संकल्प
गुप्ता गुरूवार को झालावाड़ पहुंचे और जिला परिषद सभागार में जिलेभर की नगर निकाय, जलदाय, सीवरेज, पीडब्ल्यूडी, बिजली एवं देवस्थान विभाग के अधिकारियों-कार्मिकों की कार्यशाला को संबोधित किया। उन्होंने कार्यशाला में मौजूद जनशक्ति को प्रेरित करते हुए स्पष्ट किया कि "यदि हम सब स्वच्छता को लेकर गंभीरता से कार्य करेंगे तो आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण में राजस्थान को अव्वल आने से कोई नहीं रोक सकेगा।"
जिम्मेदारी और जवाबदेही पर जोर
के.के. गुप्ता ने अपने संबोधन में इस बात पर विशेष बल दिया कि स्वच्छता कोई साधारण कार्य नहीं है। प्रदेश के मान और सम्मान को बढ़ाने के लिए स्वच्छता मिशन को गंभीरता से लेना ही होगा। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए और कार्य के प्रति समर्पण भाव रखने का निर्देश देते हुए कहा कि "स्वच्छता कार्यो में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।" स्वच्छता को लेकर प्रशासन और जनता के बीच समन्वय ही इस मिशन की सफलता का आधार बनेगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
