किशनगढ़ में ज्वैलरी खरीदने का ऑर्डर देकर व्यापारी को चुरू से बुलाना और फिर करीब 1.80 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण लेकर फरार होना तीन शातिर बदमाशों को भारी पड़ गया। मदनगंज थाना पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 1510 ग्राम सोने के विभिन्न आभूषण और 1 लाख 32 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद माल की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और कई शहरों में लगातार दबिश दी।

पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अगरवाला के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों, लूट, चोरी और नकबजनी के मामलों में फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. लाल चंद कायल और वृत्ताधिकारी किशनगढ़ शहर धर्मराज चौधरी के निर्देशन में थानाधिकारी मदनगंज भवानी सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी अनुसंधान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।

मामले में परिवादी मनफूल सोनी निवासी चाड़वास, जिला चुरु ने 10 नवंबर 2026 को मदनगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। परिवादी ने पुलिस को बताया कि वह चाड़वास स्थित पायल ज्वैलर्स का प्रोपराइटर है। उसके मोबाइल पर पिछले तीन-चार दिनों से किशनगढ़ निवासी राहुल सोनी नामक व्यक्ति फोन कर उसकी फर्म से सोने की ज्वैलरी खरीदने का ऑर्डर दे रहा था। लगातार संपर्क और ऑर्डर मिलने के बाद उसके विश्वास में आकर परिवादी ने 5 नवंबर 2026 को अपने स्टाफ के कर्मचारी राम सोनी और मनोज सोनी को करीब 1510 ग्राम वजन के सोने के आभूषण बिल सहित किशनगढ़ में राहुल सोनी के पास भेज दिया।

दोनों कर्मचारी दोपहर करीब 3:30 बजे किशनगढ़ पहुंचे। राहुल सोनी उन्हें गुणसागर ज्वैलर्स के ऊपर स्थित मकान में ले गया। वहां कर्मचारियों ने उसे सोने के आभूषण दिखाए और बिल सौंप दिया। राहुल ने माल का चयन करवाने का बहाना बनाया और कुछ देर बाद वहां से चला गया। कर्मचारियों ने कई बार फोन कर उससे संपर्क करने का प्रयास किया, जिसके बाद वह वापस आया।

इसके बाद राहुल सोनी भुगतान करने और शेष सामान देने के बहाने दोनों कर्मचारियों को आरआर ज्वैलर्स, मदनगंज ले गया। वहां उसने कर्मचारियों को खड़ा रहने के लिए कहा और स्कूटी लेकर चकमा देकर फरार हो गया। इस तरह ज्वैलरी खरीदने का ऑर्डर देकर बुलाए गए व्यापारी के कर्मचारियों से करीब 1510 ग्राम सोने के आभूषण लेकर आरोपी फरार हो गए।

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों और चोरी गए आभूषणों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कीं। पुलिस टीमों ने आपसी समन्वय से किशनगढ़ शहर की गलियों और प्रमुख मार्गों पर लगे 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के विश्लेषण और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।

घटना के बाद आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। उनकी तलाश में पुलिस टीमों ने कई दिनों तक पीछा किया और ब्यावर, राजसमंद, अजमेर, लाडनूं, चुरु, बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, हरिद्वार और जयपुर सहित विभिन्न शहरों में दबिश दी। लगातार तलाश और कार्रवाई के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों राहुल कुमार सोनी (39) निवासी चुरू हाल मदनगंज, अविनाश कुमार सिंह (37) निवासी सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश हाल रामगंज जिला अजमेर और प्रेम नवलानी (34) निवासी रामगंज जिला अजमेर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से करीब 1510 ग्राम सोने के विभिन्न आभूषण बरामद किए हैं। इसके साथ ही 1 लाख 32 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। बरामद आभूषणों सहित कुल माल की कीमत करीब 1.80 करोड़ रुपये बताई गई है। 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी अनुसंधान और विभिन्न शहरों में दी गई दबिश के बाद हुई इस कार्रवाई से किशनगढ़ के ज्वैलरी व्यापारी के साथ हुई बड़ी धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है।

Next Story