खाटूश्यामजी स्वच्छता अभियान: के.के. गुप्ता ने अधिकारियों को दिए निर्देश
खाटूश्यामजी को स्वच्छ और आदर्श धार्मिक नगरी बनाने के लिए प्रशासन ने शुरू की तैयारी, सीवरेज, अतिक्रमण और स्वच्छता व्यवस्था पर हुई विशेष समीक्षा बैठक।

खाटूश्यामजी में स्वच्छता एवं विकास कार्यों की समीक्षा करते प्रदेश ब्रांड एंबेसडर के.के. गुप्ता एवं प्रशासनिक अधिकारी।
बाबा श्याम की नगरी खाटूश्यामजी को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से प्रदेश स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर के.के. गुप्ता ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में गुप्ता ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा की मंशा के अनुरूप राजस्थान के सभी प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को पर्यावरण अनुकूल और स्वच्छ बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिला कलेक्टर आशीष मोदी के नेतृत्व में सीकर जिले को स्वच्छता का रोल मॉडल बनाने के प्रयासों की सराहना करते हुए गुप्ता ने कहा कि देशभर से प्रति माह 20 लाख श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र होने के नाते, यहां की सफाई व्यवस्था, यातायात और बुनियादी सुविधाएं विश्वस्तरीय होनी चाहिए।
बैठक में आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए गुप्ता ने नगर पालिका, विद्युत विभाग और सीवरेज परियोजना के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि नगर के सभी गली-मोहल्लों एवं नालों की सफाई समय रहते पूर्ण की जाए ताकि जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। सीवरेज व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि मानसून के दौरान गटर लाइन का गंदा पानी सड़कों पर कतई नहीं आना चाहिए और यदि इसमें लापरवाही बरती गई तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। विद्युत विभाग की धीमी प्रगति पर भी उन्होंने कड़ी आपत्ति दर्ज की और 35 किलोमीटर के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक हुए मात्र 15 किलोमीटर कार्य को देखते हुए संबंधित ठेकेदार को शीघ्र कार्य पूर्ण करने के लिए पाबंद करने और विलंब होने पर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।
नगर को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में गुप्ता ने एकल उपयोग प्लास्टिक एवं प्रतिबंधित थैलियों के विरुद्ध व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाने का आह्वान किया। साथ ही, बाजारों और प्रमुख मार्गों से अतिक्रमण हटाने तथा अवैध स्ट्रीट वेंडरों पर नियंत्रण के निर्देश दिए ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में असुविधा न हो। बेसहारा पशुओं के प्रबंधन पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि सड़कों पर पशुओं का घूमना असुरक्षित है, अतः गौशालाओं की व्यवस्था मजबूत कर नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
गुप्ता ने एक महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए कहा कि मंदिर परिसर के चारों ओर चौबीस घंटे सफाई व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए। साथ ही, उन्होंने नगर की सभी होटल और धर्मशाला संचालकों को निर्देशित किया कि महिलाओं के लिए उपलब्ध शौचालय और मूत्रालय की सुविधा श्रद्धालुओं के लिए अनिवार्य रूप से खुली रखें, अन्यथा निकाय द्वारा कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बैठक में उपखंड अधिकारी, विधानसभा दातारामगढ़ से भाजपा प्रत्याशी गजानंद कुमावत, श्री श्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। गुप्ता ने अंत में विश्वास जताया कि प्रशासन, मंदिर कमेटी, व्यापारियों और आमजन के सामूहिक सहयोग से ही खाटूश्यामजी प्रदेश का आदर्श धार्मिक नगर बनेगा।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
