खाटू श्याम जी मंदिर के पास बनेगा नया रेलवे स्टेशन, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रतिनिधिमंडल से की अहम बैठक
खाटू श्याम जी मंदिर के पास नए रेलवे स्टेशन के निर्माण की तैयारी तेज हुई। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर परियोजना की अहम जानकारी साझा की।

तस्वीर में केन्द्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव अपने कार्यालय में प्रस्तावित स्टेशन भवन का डिज़ाइन प्रदर्शित करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
केन्द्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने राजस्थान के सीकर से आए श्री खाटू श्याम जी टेम्पल ट्रस्ट के प्रतिनिधिमंडल से मुलाक़ात कर क्षेत्रीय रेल संपर्क और तीर्थयात्रियों की सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने पर चर्चा की। बैठक में पूर्व सांसद (सीकर) श्री सुमेधानंद सरस्वती और राजस्थान सरकार के शहरी विकास एवं आवास विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री झाबर सिंह खर्रा भी शामिल रहे। श्री श्याम मंदिर समिति की ओर से श्री शक्ति सिंह चौहान, श्री मानवेंद्र सिंह चौहान और श्री मोहन सिंह (दास) चौहान सहित अन्य प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विश्व प्रसिद्ध खाटू श्याम जी मंदिर में प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेल संपर्क और यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने के उपायों पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने तीर्थयात्रियों की यात्रा को अधिक सुगम बनाने तथा रेलवे अवसंरचना के विकास के लिए भारतीय रेलवे द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों पर रेल मंत्री का आभार भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि खाटू श्याम जी मंदिर के निकट प्रस्तावित नए रेलवे स्टेशन के निर्माण से श्रद्धालुओं को बेहतर, सुरक्षित और अधिक सुविधाजनक रेल सेवाएं उपलब्ध होंगी। यह स्टेशन सीकर-रींगस रेल खंड पर पलसाना और बावड़ी ठीकरिया स्टेशनों के बीच विकसित किया जाएगा।
श्री वैष्णव ने बताया कि परियोजना के तहत सबसे पहले तकनीकी कार्य पूरे किए जाएंगे। इसमें रेलवे लाइनों से संबंधित सभी आवश्यक इंजीनियरिंग और सिग्नलिंग कार्य, नई रेलवे लाइन का निर्माण तथा उसे मौजूदा रेल नेटवर्क से जोड़ने का कार्य शामिल होगा। इन कार्यों के पूरा होने के बाद स्टेशन भवन का निर्माण प्रारंभ किया जाएगा।
प्रसिद्ध खाटू श्याम जी मंदिर से लगभग 11 किलोमीटर की दूरी पर प्रस्तावित स्टेशन भवन का निर्माण राजस्थान की समृद्ध वास्तुकला और सांस्कृतिक विरासत के अनुरूप किया जाएगा। स्टेशन पर आधुनिक बुकिंग कार्यालय, विशाल प्रतीक्षा कक्ष, स्वच्छ शौचालय, यात्री-अनुकूल सुविधाएं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे यात्रियों को अधिक आरामदायक यात्रा अनुभव मिल सके।
इस स्टेशन के विकसित होने से प्रतिवर्ष खाटू श्याम जी मंदिर पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं की रेल पहुंच में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है। यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के साथ यह परियोजना क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करेगी, पर्यटन को बढ़ावा देगी, स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करेगी तथा क्षेत्र में रेलवे अवसंरचना के और विस्तार का मार्ग प्रशस्त करेगी।
प्रस्तावित रेलवे स्टेशन तीर्थयात्रियों और स्थानीय समुदायों की बढ़ती आवागमन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक, यात्री-केंद्रित रेलवे अवसंरचना विकसित करने की भारतीय रेलवे की निरंतर प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
