खातीपुरा-कोलकाता स्पेशल ट्रेन: रेलवे ने चलाई फेस्टिव स्पेशल, देखें शेड्यूल
त्योहारों पर यात्रियों की भीड़ कम करने के लिए रेलवे ने खातीपुरा (जयपुर) और कोलकाता के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के 4-4 फेरे चलाने का फैसला किया है।

त्योहारों के दौरान बढ़ते यात्री यातायात को देखते हुए रेलवे ने जयपुर और कोलकाता के बीच अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए खातीपुरा (जयपुर)-कोलकाता-खातीपुरा साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा संचालित करने का निर्णय लिया है। इस विशेष ट्रेन का संचालन दोनों दिशाओं में 4-4 ट्रिप किया जाएगा। इससे जयपुर सहित मार्ग के विभिन्न स्टेशनों के यात्रियों को कोलकाता और अन्य प्रमुख शहरों तक आवागमन के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 09709 खातीपुरा (जयपुर)-कोलकाता साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा 28 अक्टूबर से 18 नवम्बर 2026 तक प्रत्येक बुधवार को संचालित होगी। यह ट्रेन खातीपुरा से 15.45 बजे रवाना होकर अगले दिन 22.15 बजे कोलकाता पहुंचेगी। इस अवधि में ट्रेन के कुल 4 ट्रिप संचालित किए जाएंगे।
इसी प्रकार, गाड़ी संख्या 09710 कोलकाता-खातीपुरा (जयपुर) साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा 30 अक्टूबर से 20 नवम्बर 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को संचालित होगी। यह ट्रेन कोलकाता से 00.30 बजे रवाना होकर अगले दिन 07.10 बजे खातीपुरा पहुंचेगी। वापसी दिशा में भी इस रेलसेवा के कुल 4 ट्रिप निर्धारित किए गए हैं।
रेलवे के अनुसार, दोनों दिशाओं में संचालित होने वाली यह स्पेशल ट्रेन दौसा, बांदीकुई, भरतपुर, ईदगाह, टूण्डला, इटावा, गोविन्दपुरी, सुबेदारगंज, पं. दीनदयाल उपाध्याय, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, अनुग्रह नारायण रोड, गया, कोडरमा, हजारीबाग रोड, पारसनाथ, गोमो, धनबाद, आसनसोल, दुर्गापुर, बर्द्धमान, बैण्डेल एवं नैहाटी स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए इस रेलसेवा में कुल 22 डिब्बे लगाए जाएंगे। इनमें 3 सैकण्ड एसी, 13 थर्ड एसी, 4 द्वितीय शयनयान और 2 गार्ड डिब्बे शामिल हैं।
त्योहारों के दौरान अतिरिक्त यात्री भार को कम करने और यात्रियों को यात्रा के अधिक विकल्प उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित की जा रही यह स्पेशल रेलसेवा जयपुर और कोलकाता के बीच रेल आवागमन को सुविधाजनक बनाने में मदद करेगी।

