राजस्थान और बिहार के बीच रेल यात्रियों को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। भारतीय रेलवे द्वारा खातीपुरा (जयपुर)-दरभंगा-खातीपुरा अमृत भारत एक्सप्रेस के नियमित संचालन की शुरुआत की जा रही है, जिससे दोनों राज्यों के बीच यात्रा और अधिक सुगम, सुविधाजनक तथा सुलभ होगी। इस नई रेलसेवा का शुभारंभ केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव 21 जून 2026 को खातीपुरा स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में हरी झंडी दिखाकर करेंगे।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार उद्घाटन अवसर पर गाड़ी संख्या 09711 खातीपुरा (जयपुर)-दरभंगा एकतरफा स्पेशल रेलसेवा 21 जून 2026, रविवार को खातीपुरा से शाम 4 बजे रवाना होगी और अगले दिन सोमवार को शाम 6:55 बजे दरभंगा पहुंचेगी। यह विशेष रेलसेवा मार्ग में दौसा, बांदीकुई, मंडावर महुवा रोड, भरतपुर, ईदगाह आगरा, टूण्डला, इटावा, कानपुर सेंट्रल, उन्नाव, ऐशबाग, गोमतीनगर, बाराबंकी, गोंडा, गोरखपुर, कप्तानगंज, बगहा, नरकटियागंज, सिकटा, रक्सौल, बैरगनिया, सीतामढ़ी, जनकपुर रोड तथा कमतौल स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

रेलवे के अनुसार उद्घाटन स्पेशल ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 8 शयनयान, 11 साधारण श्रेणी के डिब्बे, 1 पेंट्रीकार तथा 2 पार्सल सह पावरकार शामिल होंगे। यह संरचना यात्रियों की विभिन्न श्रेणियों की यात्रा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है।

इसके बाद इस रेलसेवा का नियमित संचालन गाड़ी संख्या 19725/19726 के रूप में शुरू होगा। गाड़ी संख्या 19725 खातीपुरा (जयपुर)-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस 22 जून 2026 से शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन रात 10:30 बजे खातीपुरा से रवाना होगी और तीसरे दिन रात 12:55 बजे दरभंगा पहुंचेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 19726 दरभंगा-खातीपुरा अमृत भारत एक्सप्रेस 23 जून 2026 से रविवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन सुबह 4:30 बजे दरभंगा से रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:40 बजे खातीपुरा पहुंचेगी।

नियमित रेलसेवा भी उद्घाटन स्पेशल ट्रेन के समान सभी प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस ट्रेन में भी 22 कोचों की समान संरचना रहेगी, जिसमें 8 शयनयान, 11 साधारण श्रेणी के डिब्बे, 1 पेंट्रीकार और 2 पार्सल सह पावरकार शामिल होंगे।

खातीपुरा और दरभंगा के बीच शुरू होने वाली यह नई अमृत भारत एक्सप्रेस रेलसेवा राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के लाखों यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। विशेष रूप से प्रवासी श्रमिकों, छात्रों और आम यात्रियों को इससे सीधा लाभ मिलेगा तथा दोनों राज्यों के बीच आवागमन को नई मजबूती प्राप्त होगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story