जयपुर में खटीक महापंचायत का गठन, समाज के सशक्तिकरण और अधिकारों की रक्षा का संकल्प
जयपुर में खटीक समाज की बैठक में खटीक महापंचायत का गठन हुआ, जिसमें समाज के अधिकारों, प्रतिनिधित्व और विकास को लेकर अहम निर्णय लिए गए।

तस्वीर में जयपुर में एक परिसर के लॉन में खटीक महापंचायत की बैठक के दौरान मानसी सांखला और समाज के वरिष्ठ प्रतिनिधि एक साथ खड़े नजर आ रहे हैं।
जयपुर में खटीक समाज की प्रमुख संस्थाओं और वरिष्ठ प्रतिनिधियों की ऐतिहासिक बैठक में समाज को संगठित, सशक्त एवं समृद्ध बनाने के उद्देश्य से सर्वसम्मति से "खटीक महापंचायत" का गठन किया गया। यह बैठक शनिवार, 18 जुलाई 2026 को जयपुर में आयोजित हुई, जिसमें समाज के विभिन्न संगठनों के अध्यक्षों, प्रभारियों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में समाज की एकता को मजबूत करने के साथ सरकार द्वारा खटीक समाज के संत श्री दुर्बलनाथ जी महाराज के नाम से गठित बोर्ड के संचालन हेतु समाज के बुद्धिजीवीयों की नियुक्तियां एवं योजनाओं को शीघ्र क्रियान्वित करने, खटीक समाज की बालिकाओं के छात्रावास हेतु राज्य सरकार से प्रस्तावित भूमि का आवंटन कराने तथा अनुसूचित आयोग में खटीक समाज को उचित प्रतिनिधित्व दिए जाने सहित समाज का राजनीतिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में समाज के अधिकारों एवं हितों की रक्षा के लिए संयुक्त रूप से कार्य करने का संकल्प लिया गया। उपस्थित सभी संस्थाओं के प्रमुखों ने मतभेदों से ऊपर उठकर समाजहित को सर्वोपरि रखने और एक मजबूत संगठन के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का निर्णय लिया।
खटीक महापंचायत के गठन के लिए बनाई गई कोर्डिनेटर कमेटी में श्याम सुन्दर खींची, राजेन्द्र प्रसाद चेतीवाल, शैलेन्द्र डीडवानिया और कैलाश बिवाल शामिल रहे। कमेटी की ओर से बैठक की अध्यक्षता के लिए मानसी सांखला को नियुक्त किया गया।
बैठक में बी डी असवाल, मनीराम बदगुजर, पी एन बुटोलिया, राजकुमार सामरिया, जगदीश प्रसाद कक्कड़, सुरेश चावला, पूर्ण मल समारिया, कृष्ण गोपाल परेवा, रामप्रताप तवर, विजेंद्र परेवा, ओमप्रकाश चावला, बाबूलाल बुंदेला, मंगेजा राम खन्ना, हरिसिंह दायमा, सुरेंद्र समारिया, हुकमचंद और दीवानचंद समारिया सहित समाज के कई प्रमुख प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
खटीक महापंचायत की रूपरेखा तैयार करने और इसके आगाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले राजेन्द्र प्रसाद चेतीवाल ने बैठक का संचालन किया। उन्होंने इस पहल को खटीक समाज के इतिहास में एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक कदम बताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह महापंचायत समाज को नई दिशा, नई ऊर्जा एवं मजबूत नेतृत्व प्रदान करेगी।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
