अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत खैरथल रेलवे स्टेशन का लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया गया है। पुनर्विकास के बाद स्टेशन को आधुनिक और यात्री-अनुकूल स्वरूप दिया गया है, जिससे खैरथल, किशनगढ़ बास और तिजारा सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के साथ-साथ खैरथल की अनाज मंडी और सब्जी मंडी आने वाले व्यापारियों का आवागमन अधिक सुगम होगा।

खैरथल रेलवे स्टेशन आसपास के क्षेत्रों जैसे किशनगढ़ बास, तिजारा और खैरथल के यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी पॉइंट है। खैरथल अलवर जिले का प्रमुख व्यापारिक केंद्र भी है। स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव है और यहां से प्रतिदिन हजारों यात्री यात्रा करते हैं। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए स्टेशन का व्यापक पुनर्विकास किया गया है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार खैरथल रेलवे स्टेशन के भवन का पूर्ण रूप से नवीनीकरण किया गया है। स्टेशन भवन अब स्थानीय कला और आधुनिक डिजाइन का अनूठा मिश्रण प्रस्तुत करता है तथा भवन में पोर्च का निर्माण भी किया गया है। सर्कुलेटिंग क्षेत्र में सुविधा क्षेत्र को 1200 वर्ग मीटर से बढ़ाकर 3600 वर्ग मीटर किया गया है। यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित बनाने के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार विकसित किए गए हैं तथा दोपहिया और चौपहिया वाहनों के लिए पृथक पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

स्टेशन पर 4.19 करोड़ रुपये की लागत से 12 मीटर चौड़ा ऊपरी पैदल पुल (एफओबी) बनाया गया है, जिसमें रैंप और कवरिंग शेड का भी प्रावधान किया गया है। मौजूदा प्लेटफॉर्म शेल्टरों में 150 वर्ग मीटर का विस्तार किया गया है तथा प्लेटफॉर्मों की 4197 वर्ग मीटर सतह का नवीनीकरण किया गया है। स्टेशन भवन के भीतर 300 वर्ग मीटर क्षेत्र में कलात्मक चित्र भी बनाए गए हैं।

पुनर्विकास के तहत खैरथल रेलवे स्टेशन पर नए प्रतीक्षा कक्ष बनाए गए हैं। आधुनिक फिटिंग के साथ मौजूदा शौचालय ब्लॉकों का नवीनीकरण किया गया है। दिव्यांगजनों के लिए हेल्प बूथ, शौचालय, वाटर बूथ, रैंप, टिकट विंडो, साइनेज और कुर्सियों सहित विशेष सुविधाओं का प्रावधान किया गया है, ताकि सभी यात्रियों को बेहतर और सुगम सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

स्टेशन के पुनर्विकास के बाद सर्कुलेटिंग एरिया का विकास, अलग-अलग प्रवेश व निकास द्वार, समुचित एवं पर्याप्त पार्किंग, प्रवेश हाल, साइनेज की सुविधा, वेटिंग रूम, स्टेशन बिल्डिंग का नया स्वरूप, प्लेटफॉर्म शेल्टर, दिव्यांगजन सुविधाएं और फुट ओवर ब्रिज जैसी आधुनिक सुविधाएं यात्रियों को उपलब्ध होंगी। इससे आसपास के क्षेत्र की आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से पूरा करने में मदद मिलेगी तथा ऐसे परिवहन केंद्र के विकास से आर्थिक अवसरों में वृद्धि के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story