केन्द्रीय विद्यालय-1 बजाज नगर में प्रो. रमेश के. अरोड़ा का मोटिवेशनल सेशन, छात्रों को दिया एक्सीलेंस इन लाइफ का मंत्र
जयपुर के केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-1, बजाज नगर में आयोजित मोटिवेशनल सेशन में प्रो. रमेश के. अरोड़ा ने विद्यार्थियों को एक्सीलेंस इन लाइफ का प्रेरक मंत्र दिया।

तस्वीर में केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-1 जयपुर के मंच पर मुख्य वक्ता प्रो. रमेश के. अरोड़ा अन्य अतिथियों के साथ 'एक्सीलेंस इन लाईफ' कार्यक्रम के दौरान बैठे हुए नजर आ रहे हैं।
केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-1, बजाज नगर, जयपुर में विद्यार्थियों के लिए “एक्सीलेंस इन लाईफ” विषय पर प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक मोटिवेशनल सेशन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता देश-विदेश के प्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर प्रो. रमेश के. अरोड़ा रहे। उनके साथ डॉ. कामलिनी तथा श्रीमती श्रीप्रिया ने भी विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, व्यक्तित्व विकास और प्रभावी संवाद कौशल से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
अपने संबोधन में प्रो. रमेश के. अरोड़ा ने कहा कि मनुष्य को इंद्रधनुष की तरह जीवन जीना चाहिए। उन्होंने बताया कि जिस प्रकार इंद्रधनुष सात रंगों से मिलकर बनता है, उसी प्रकार जीवन के भी सात रंग हैं, जिनमें शारीरिक विकास, मानसिक उत्थान, भावनात्मक संतुलन, आध्यात्मिक एवं नैतिक श्रेष्ठता, पारिवारिक स्नेह, सामाजिक उपयोगिता तथा व्यावसायिक उत्कृष्टता शामिल हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज के प्रति सेवा, सहयोग और समय देने की भावना विकसित करने तथा अपने व्यक्तित्व का निरंतर विस्तार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, समय प्रबंधन और दृढ़ संकल्प ही सफलता का मूल मंत्र हैं।
कार्यक्रम के संयोजक एवं पूर्व छात्र अजय गुप्ता, आईएफएस (सेवानिवृत्त) ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि समय के पल-पल और साधनों के कण-कण का सदुपयोग करना चाहिए। उन्होंने नवीनतम तकनीक से लगातार जुड़े रहने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि ऐसा नहीं करने पर व्यक्ति प्रतिस्पर्धा में पीछे रह जाएगा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अरविन्द कुमार ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रो. अरोड़ा के प्रेरक विचार विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होंगे। उन्होंने वर्ष 1975 बैच के पूर्व विद्यार्थियों द्वारा विद्यालय के विद्यार्थियों के हित में प्रोजेक्टर भेंट किए जाने पर उनका विशेष आभार व्यक्त किया और इसे विद्यालय के लिए सराहनीय एवं प्रेरणादायी पहल बताया।
इस अवसर पर के.वी. नम्बर-1 एलुमनाई संस्थान की अध्यक्ष श्रीमती पूनम खंगारोत, सचिव श्री विपिन सांघी, वर्ष 1975 बैच के सेवानिवृत्त आईएएस श्री विक्रम सिंह, विद्यालय के लगभग छह सौ छात्र तथा बड़ी संख्या में पूर्व विद्यार्थी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता तथा धन्यवाद ज्ञापन वर्ष 1974 बैच के पूर्व छात्र एवं प्रख्यात शिक्षाविद् प्रो. (डॉ.) राजीव कुमार अग्रवाल ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अहंकार का त्याग कर विनम्रता अपनाने, सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने, आत्मविश्वास के साथ निरंतर सीखते रहने तथा जीवन में अनुशासन और नैतिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का प्रभावी एवं आकर्षक संचालन डॉ. शेफाली मेंदीरत्ता एवं एलुमनाई कोषाध्यक्ष श्री उमेश जेठानी ने संयुक्त रूप से किया। यह आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और जीवन मूल्यों को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
