कायम रत्न अवॉर्ड 2026: अशोक गहलोत ने किया पोस्टर का विमोचन
नवाब दादा कायम ख़ाँ शहीद दिवस पर 14 जून को जयपुर के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं और सैन्य वीरों को सम्मानित किया जाएगा।

जयपुर में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (केंद्र) के साथ राजस्थान वक्फ बोर्ड के चेयरमैन डॉ. खानू खान बुधवाली (बाएं से दूसरे) और अन्य पदाधिकारी कायम रत्न अवॉर्ड-2026 के पोस्टर का विमोचन करते हुए।
नवाब दादा कायम ख़ाँ शहीद दिवस के उपलक्ष्य में 14 जून 2026 को जयपुर में आयोजित होने वाले भव्य सम्मान समारोह के पोस्टर का विमोचन राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री Ashok Gehlot ने सिविल लाइंस स्थित अपने आवास पर किया।
यह गरिमामय समारोह 14 जून 2026 को प्रातः 10 बजे Constitution Club of Rajasthan में आयोजित किया जाएगा। राजस्थान वक्फ बोर्ड के चेयरमैन Dr. Khanu Khan Budhwali ने बताया कि नवाब दादा कायम ख़ाँ की शहादत, अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और जनसेवा की विरासत आज भी समाज और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है। इसी प्रेरणा को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से इस सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि समारोह में वीर चक्र, शौर्य चक्र एवं सैनिक मेडल से सम्मानित वीरों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही अर्जुन पुरस्कार विजेताओं, ओलंपिक एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों तथा क़ौम के दिवंगत मंत्रियों और विधायकों के परिजनों को भी सम्मानित किया जाएगा।
समारोह के दौरान शिक्षा, विज्ञान एवं रोबोटिक्स, साहित्य, चिकित्सा, सामाजिक सेवा, खेल, प्रशासन, पत्रकारिता तथा अन्य विविध क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को ‘कायम रत्न अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया जाएगा।
डॉ. ख़ानू ख़ान बुधवाली ने कहा कि यह समारोह केवल सम्मान का मंच नहीं है, बल्कि उन महान व्यक्तित्वों के योगदान, संघर्ष और उपलब्धियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक सार्थक प्रयास है, जिन्होंने समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी शकील खान ने दी। पोस्टर विमोचन के अवसर पर डॉ. ख़ानू ख़ान बुधवाली के साथ शकील ख़ान (पीए), मोहम्मद अयूब एवं फैसल मोहम्मदी भी उपस्थित रहे।
नवाब दादा कायम ख़ाँ शहीद दिवस के अवसर पर आयोजित यह समारोह समाज, राष्ट्रसेवा, खेल, शिक्षा और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों के सम्मान के साथ नई पीढ़ी को प्रेरणा देने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
