कानोता थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक व्यक्ति करीब 120 फीट गहरे कुएं में गिर गया। व्यक्ति के जीवित होने की सूचना मिलते ही उसे बचाने के लिए तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। सिविल डिफेंस टीम की तत्परता और त्वरित कार्रवाई से व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

कंट्रोल रूम कलेक्ट्रेट से शनिवार दोपहर 3:35 बजे सूचना प्राप्त हुई कि रघुनाथपुरा/खातिया की ढाणी, थाना कानोता क्षेत्र में एक व्यक्ति करीब 120 फीट गहरे कुएं में गिर गया है। सूचना के अनुसार व्यक्ति जीवित था और उसे तत्काल रेस्क्यू की आवश्यकता थी।

सूचना मिलते ही उप नियंत्रक अमित शर्मा के नेतृत्व में सिविल डिफेंस की रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने के बाद टीम ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

उप नियंत्रक अमित शर्मा ने बताया कि सिविल डिफेंस टीम ने करीब आधे घंटे तक कड़ी मशक्कत करते हुए सुरक्षित तरीके से कुएं में गिरे व्यक्ति तक पहुंच बनाई। इसके बाद उसे जीवित और सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

रेस्क्यू के बाद व्यक्ति को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। सिविल डिफेंस टीम की तत्परता, साहस और त्वरित कार्रवाई के चलते 120 फीट गहरे कुएं में गिरे व्यक्ति को समय रहते सुरक्षित बाहर निकालकर उसकी जान बचाने में सफलता मिली।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story