जयपुर में कंडेरा समाज ने निर्जला एकादशी पर किया आइसक्रीम वितरण
भीषण गर्मी से राहत दिलाने के उद्देश्य से हसनपुरा स्थित शनि मंदिर के समक्ष कंडेरा समाज समिति द्वारा यह सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया।

तस्वीर में कंडेरा समाज के लोग जयपुर के हसनपुरा स्थित शनि मंदिर के बाहर राहगीरों को आइसक्रीम वितरित कर रहे हैं।
जयपुर। निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर भीषण गर्मी से राहत प्रदान करने के उद्देश्य से कंडेरे समाज समिति राजस्थान के तत्वाधान में कंडेरा समाज जयपुर द्वारा गुरुवार, 25 जून 2026 को पीडब्ल्यूडी चौराहा, हसनपुरा स्थित शनि मंदिर के समक्ष एक विशाल आइसक्रीम वितरण कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास के साथ सफलतापूर्वक किया गया। विगत कई वर्षों से अनवरत संचालित इस पुनीत कार्यक्रम में भारी संख्या में राहगीरों ने पहुंचकर आइसक्रीम के प्रसाद का आनंद लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10:30 बजे पीडब्ल्यूडी चौराहे स्थित शनि मंदिर के समीप हुआ। आयोजन के मुख्य कर्ताधर्ता कंडेरा समाज के जयपुर जिला अध्यक्ष मामराज कंडेरा, कंडेरे समाज समिति भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैलाश चंद्र कंडेरा एवं कंडेरे समाज समिति राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष प्रभु नारायण कंडेरा ने संयुक्त रूप से संत दादू दयाल महाराज के चित्र पर माल्यार्पण कर एवं दीप प्रज्वलित कर विधिवत रूप से कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
इस सेवा कार्य को सफल बनाने में जयपुर जिले की समस्त कार्यकारिणी के पदाधिकारियों, समाज बंधुओं एवं महिलाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में कन्डेरा समाज युवा महासभा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार कंडेरा, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शारदा देवी, कंडेरे समाज समिति भारत के राष्ट्रीय प्रचार सचिव महावीर सिंह कंडेरे एवं कंडेरे समाज समिति भारत के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री जगमोहन कंडेरा (भरतपुर) सहित समाज के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सेवा और समर्पण के भाव से ओत-प्रोत यह कार्यक्रम समाज की एकजुटता और लोक कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक बना रहा।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
