गायत्री नगर निवासी तथा इटली में अध्ययनरत जुगनू शर्मा के मेधावी पुत्र ईशान शर्मा ने इटली के ऐतिहासिक शहर कैसिनो में आयोजित भव्य लोकार्पण समारोह में सहभागिता कर राजस्थान और ब्यावर का गौरव बढ़ाया। समारोह द्वितीय विश्व युद्ध में वीरता का सर्वोच्च परिचय देने वाले भोलूपुरा (करौली) निवासी शहीद कप्तान कमलराम गुर्जर की स्मृति में निर्मित भव्य स्मारक एवं आवक्ष प्रतिमा के लोकार्पण के अवसर पर आयोजित किया गया।

मंगलवार को संपन्न हुए इस गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन इटली के रोम स्थित भारतीय दूतावास और कैसिनो शहर के नगर निगम द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। समारोह में छात्र ईशान शर्मा को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम में भारत और इटली के कई वरिष्ठ अधिकारी, सैन्य प्रतिनिधि, उद्यमी तथा शहीद कप्तान गुर्जर के परिजन मौजूद रहे।

समारोह में भारतीय राजदूत सुश्री वाणी सर्राजू राव (आईएफएस), कैसिनो की महापौर डॉ. एंजो सलेरा, भारतीय सैन्य राजनयिक कर्नल रोहन फालनिकर, इटालियन सेना के ब्रिगेडियर जनरल ग्रेबियल कोसिमो गारो, भारतीय दूतावास के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य जनों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान शहीद कप्तान कमलराम गुर्जर के अदम्य साहस, वीरता और बलिदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया।

विदेशी धरती पर आयोजित इस ऐतिहासिक समारोह में ब्यावर के छात्र ईशान शर्मा की उपस्थिति को स्थानीय स्तर पर गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। यह आयोजन न केवल भारत-इटली संबंधों को नई मजबूती देने वाला साबित हुआ, बल्कि शहीदों के सम्मान और भारतीय वीरता की वैश्विक पहचान का भी महत्वपूर्ण प्रतीक बना।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story