राजस्थान के गौरव के दर्शन का साक्षी बना 25 वां कला मेला, जहाँ कला मेला-2026 के तीसरे दिवस आज 'राजस्थान का गौरवशाली इतिहास' विषयक तत्स्थलीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों हेतु किया गया। अकादमी सचिव डॉ. रजनीश हर्ष ने बताया कि उक्त प्रतियोगिता में विभिन्न संस्थानों से लगभग 50 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी सृजनात्मकता को आकार दिया। इस चित्रकला प्रतियोगिता के निर्णायक समिति में डॉ. मणि भारतीया और श्री विनय शर्मा रहे।

प्रतियोगिता के परिणाम और विजेताओं की घोषणा

प्रतियोगिता के परिणाम की घोषणा के अनुसार प्रथम स्थान पर राजस्थान स्कूल ऑफ आर्ट, जयपुर के कृष्णकांत टोंगरिया रहे। द्वितीय स्थान नंदिनी सुथार, राजस्थान स्कूल ऑफ आर्ट, जयपुर एवं तृतीय स्थान मोहित सैनी, सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ ने प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त पाँच सांत्वना पुरुस्कार अक्षिता भदौरिया (अमेठी यूनिवर्सिटी, जयपुर), भूमिका जांगिड़ (विश्वविद्यालय महारानी महाविद्यालय, जयपुर), चिराग कुमार (सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ), शल्य सिंह राठौड़ (श्री गोविंद गुरु राज. महाविद्यालय, बांसवाड़ा) तथा अन्नू प्रजापत (आकृति एकेडमी ऑफ फाइन आर्ट्स, भीलवाड़ा) को प्रदान किया गया। सभी विद्यार्थियों को 21 मार्च को समापन समारोह के अवसर पर राजस्थान ललित कला अकादमी द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।

वरिष्ठ कलाकारों का सृजन और कला कार्यशालाएं

कला मेला संयोजक श्री हरशिव शर्मा ने बताया कि "आज कला शिविर के दूसरे दिन राजस्थान के 9 वरिष्ठ कलाकारों ने अपनी कूची से भावों को अपनी व्यक्तिगत शैली में उकेरा।" साथ ही डॉ. नाथूलाल वर्मा ने फ्रेस्को कार्यशाला के दूसरे दिन रंग बनाने की विधि और प्रक्रिया से लेकर टाइल पर प्रयोग विधि से प्रतिभागियों को अवगत करवाया। श्री हरिशंकर भालोठिया द्वारा कैलीग्राफी कार्यशाला का संचालन किया गया, जिसमें उन्होंने "कैलीग्राफी में काम आने वाले विभिन्न स्टाइल, शेरिफ और कलम होल्डिंग इत्यादि के बारे में प्रायोगिकी द्वारा समझाया।"

दर्शकों का उत्साह और कला की प्रशंसा

भारी संख्या में दर्शकों ने कला मेला का लुत्फ उठाया और कलाकारों की सृजनात्मकता की भूरी-भूरी प्रशंसा की। यह आयोजन प्रदेश की युवा प्रतिभाओं और वरिष्ठ कलाकारों के बीच एक सेतु का कार्य कर रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story