जयपुर। महान समाज सुधारक, प्रखर शिक्षाविद् एवं सामाजिक न्याय के प्रबल संवाहक महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती के उपलक्ष में जयपुर में एक भव्य समारोह एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर सैनी समाज द्वारा भाजपा प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी को राष्ट्रीय आयोजन समिति में सदस्य नियुक्त किए जाने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले के राष्ट्र व समाज निर्माण में अविस्मरणीय योगदान को रेखांकित किया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि महात्मा फुले का दृढ़ विश्वास था कि शिक्षा ही हर समस्या का एकमात्र समाधान है और वर्तमान राज्य सरकार भी इसी सोच के साथ निरंतर कार्य कर रही है।



मुख्यमंत्री ने सरकार की भावी योजनाओं का विवरण देते हुए घोषणा की कि प्रदेश के प्रत्येक ब्लॉक में सावित्रीबाई फुले पुस्तकालय तथा प्रत्येक जिले में महात्मा ज्योतिबा फुले मॉडल स्कूल खोले जाएंगे। विद्यार्थियों को संबल प्रदान करने हेतु छात्रवृत्ति की राशि को बढ़ाकर 75 हजार रुपए कर दिया गया है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर छात्र बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें। पूर्ववर्ती सरकार पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में सहकारिता समितियों की सदस्यता बाधित थी, जिसे सुधारते हुए वर्तमान सरकार ने 10 लाख से अधिक नए सदस्यों को जोड़ा है। डेयरी क्षेत्र में उत्पादन क्षमता विस्तार और प्रोसेसिंग यूनिट्स की स्थापना के साथ-साथ वर्ष 2027 तक किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। फसल बीमा योजना, गोपालक कार्ड और किसान क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाओं के माध्यम से किसानों व पशुपालकों को सीधा लाभ पहुंचाया जा रहा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने इस अवसर पर भूपेंद्र सैनी को राष्ट्रीय स्तर पर मिली जिम्मेदारी को पूरे समाज के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में समाज के सभी वर्गों का उत्थान हो रहा है। राठौड़ ने महात्मा फुले द्वारा 200 वर्ष पूर्व महिला सशक्तिकरण और सामाजिक समानता हेतु जलाई गई अलख का स्मरण करते हुए कहा कि उनके प्रेरणादायी कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने का उत्तरदायित्व अब भूपेंद्र सैनी को सौंपा गया है। इस गरिमामयी समारोह में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, भाजपा महामंत्री श्रवण सिंह बगडी, सांसद राजेंद्र गहलोत, पूर्व सांसद कैलाश चौधरी, मंत्री अविनाश गहलोत, पूर्व मंत्री प्रभूलाल सैनी, विधायक बाल मुकुंदाचार्य सहित अनेक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं सैनी समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने महात्मा फुले के सिद्धांतों पर चलने का संकल्प दोहराया।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story