जयपुर, 09 मार्चः जयपुर रीजनल चैप्टर के तत्वावधान में आयोजित 'जेआरसी स्पोर्ट्स कार्निवल 2026' का शानदार समापन एक भव्य अवॉर्ड सेरेमनी के साथ हुआ। इस गरिमामय समारोह में पास्ट चेयरमैन और एनईसी मेंबर राजिंदर पुरी, संजय कोठारी, शीतल कुमार अग्रवाल एवं आशीष काला विशेष रूप से शामिल हुए। इवेंट कोऑर्डिनेटर सुनील जैन ने जानकारी दी कि तीन दिनों तक चले इन प्रतिस्पर्धी खेलों और गतिविधियों में हर आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस सफल आयोजन का मुख्य उद्देश्य मेंबर्स के बीच फिटनेस, स्पोर्ट्समैनशिप और आपसी भाईचारे की भावना को सुदृढ़ करना था।

ट्रैक एंड फील्ड: एथलेटिक्स में दिखा रफ्तार का रोमांच

ट्रैक एंड फील्ड कॉम्पिटिशन के अंतर्गत महिलाओं की 26-40 साल की कैटेगरी में अबीरा ने 50 मीटर रेस जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि योगिता रनर-अप रहीं। पुरुषों की 100 मीटर रेस (26-40 साल कैटेगरी) में अजय जांगिड़ ने अपनी रफ्तार का लोहा मनवाते हुए पहला स्थान हासिल किया और ध्रुव अग्रवाल रनर-अप रहे। महिलाओं की 100 मीटर रेस (26 साल और उससे ज़्यादा) में योगिता ने टॉप किया, वहीं शरद शर्मा दूसरे नंबर पर रहे। पुरुषों की 41 साल और उससे ज्यादा की कैटेगरी में निकेत विजेता बने और छबील रनर-अप रहे। इन मुख्य स्पर्धाओं के अलावा एक विशेष फन रेस का आयोजन भी किया गया जिसमें 40 से ज़्यादा रेसर्स ने हिस्सा लिया।

क्रिकेट: प्राइमार्क सुपर किंग्स बनी कार्निवल की चैंपियन

क्रिकेट के मैदान पर बेहद रोमांचक मुकाबले देखे गए। टूर्नामेंट के अंतिम दिन खेले गए सेमीफाइनल मैचों का विवरण देते हुए चेयरमैन क्षितिज मनु ने बताया कि "वर्सेटाइल वाइकिंग्स ने तालुका फ़ाइटर्स को 34 रन से हराया, जबकि प्राइमार्क सुपर किंग्स ने लैंटर्न लेजेंड्स को 4 विकेट से हराकर फ़ाइनल में प्रवेश किया।" फाइनल के निर्णायक मुकाबले में प्राइमार्क सुपर किंग्स ने वर्सेटाइल वाइकिंग्स को 6 विकेट से करारी शिकस्त देकर खिताबी ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। अक्षित ठोलिया ने बताया कि इन पेशेवर मैचों के साथ-साथ एक फैमिली फ्रेंडली क्रिकेट मैच का भी आयोजन हुआ। व्यक्तिगत पुरस्कारों में मेहुल पारीक को 'मैन ऑफ द मैच' (फाइनल) तथा 'बेस्ट बैट्समैन' और 'बेस्ट फ़ील्डर' चुना गया। हिमांशु कुमावत 'मैन ऑफ द सीरीज' और 'बेस्ट बॉलर' रहे, जबकि जितेंद्र चौधरी को 'बेस्ट कीपर' का पुरस्कार मिला।

गोल्फ, टेनिस और बैडमिंटन: प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन

सेक्रेटरी शिखा सिंह के अनुसार गोल्फ में रानू झमरिया को 'बेस्ट लेडी गोल्फर' चुना गया, जबकि रोहित सेठी और दिग्विजय ढाबरिया ने अपनी-अपनी हैंडीकैप कैटेगरी में जीत दर्ज की। टेनिस सिंगल्स में अंशुमान शर्मा ने टाइटल जीता और युगांश देवराथ रनर-अप रहे। टेनिस डबल्स में रितेश शर्मा और हर्षित अग्रवाल की जोड़ी चैंपियन बनी, जबकि अंशुमान शर्मा और गौरव माथुर रनर-अप रहे। बैडमिंटन में वर्सटाइल वाइकिंग्स चैंपियन और प्राइमार्क सुपर किंग्स रनर-अप रही। गोविंद मिमानी को 'मेल प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' और रितु परनामी को 'फीमेल प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' का अवार्ड दिया गया। युवा खिलाड़ी सभ्य खन्ना और समक्ष अरोड़ा को स्पेशल कैंसिलेशन अवार्ड मिले। अंडर-15 कैटेगरी में अभिज्ञान ने सिंगल्स खिताब जीता और आरव रनर-अप रहे, जबकि डबल्स में आरव और रूहान की जोड़ी ने अभिज्ञान और डेव को हराकर जीत हासिल की।

टेबल टेनिस: छोटे उस्तादों और अनुभवी खिलाड़ियों का दबदबा

टेबल टेनिस स्पर्धाओं में अपूर्वा मंगल ने 'किड्स गर्ल्स' और आराध्य मंगल ने 'किड्स बॉयज़' चैंपियनशिप जीती। टीम इवेंट में लैंटर्न लेजेंड्स की टीम चैंपियन बनी और एल्फेन रॉयल्स रनर-अप रही। मनीष ठाकुरिया ने विजेताओं की घोषणा करते हुए बताया कि शरद मैथेल को 'मेल प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' और रानू झामरिया को 'फीमेल प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' के खिताब से नवाजा गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story