प्रदेश सरकार के “वंदे गंगाजल संरक्षण जन अभियान” के तहत हिंगोनिया गौ पुनर्वास केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने जल संरक्षण को जनभागीदारी से जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की प्रेरणा से प्रदेश सरकार द्वारा 25 मई से 5 जून तक चलाया जा रहा “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी का अभियान है।

उन्होंने कहा कि जल ही जीवन का आधार है और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए जल स्रोतों एवं जल का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। श्री कुमावत ने कहा कि प्रदेश सरकार जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से विभिन्न अभियान चला रही है। “वंदे गंगाजल संरक्षण जन अभियान” इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से लोगों को जल बचाने, वर्षा जल संचय करने और जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान पशुपालन मंत्री ने गौशालाओं की भूमिका पर विशेष जोर देते हुए कहा कि गौशालाएं केवल गौसेवा का केंद्र नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्द्धन का भी प्रभावी माध्यम बन सकती हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से जल संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने तथा दैनिक जीवन में पानी के विवेकपूर्ण उपयोग का संकल्प लेने का आह्वान किया।

श्री कुमावत ने कहा कि जल ही जीवन है और मूक पशुओं के लिए स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना भारतीय संस्कृति का मूल आधार है। उन्होंने कहा कि “वंदे गंगा जल अभियान” केवल इंसानों के लिए नहीं, बल्कि धरती के हर जीव के कल्याण के लिए संचालित किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने हिंगोनिया केंद्र के विभिन्न बाड़ों का दौरा किया, गायों के पीने के पानी के हौद की सफाई की और गायों को चारा भी खिलाया।

कार्यक्रम में पशुपालन मंत्री ने उपस्थित जनसमूह को जल संग्रहण और संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने जल स्रोतों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन और अधिकाधिक पौधारोपण के लिए प्रेरित किया। इसके बाद गौशाला परिसर में मौलसिरी और पीपल के पौधे लगाए तथा प्रबंधन को पौधों की उचित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आने वाले समय में ये पेड़ प्राकृतिक हरित कवच का कार्य कर सकें।

इस अवसर पर भाजपा नेता चंद्रमोहन मीणा, पशुपालन निदेशक डॉ सुरेशचंद मीना, अन्य विभागीय अधिकारी, गौशाला प्रबंधन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्द्धन और पशु कल्याण को एक साथ जोड़ते हुए जनसहभागिता आधारित अभियान को नई मजबूती प्रदान की।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story