सुमेरपुर: कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने कानून-व्यवस्था और जनसुविधाओं पर ली बैठक
कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को चोरी रोकने, नशा मुक्ति और मानसून पूर्व सड़क व पेयजल कार्यों को समय पर पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

राजस्थान सरकार के पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री व स्थानीय विधायक श्री जोराराम कुमावत ने शुक्रवार देर रात्रि अपने सुमेरपुर प्रवास के दौरान विकास कार्यों और जनसुविधाओं की समीक्षा हेतु अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक ली। अपने निज आवास पर आयोजित इस उच्चस्तरीय बैठक में मंत्री कुमावत ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की और पुलिस प्रशासन को अवांछनीय गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए। मंत्री ने अपराधियों में भय पैदा करने के लिए रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, मुख्य चौराहों पर सीसीटीवी कैमरों से निरंतर मॉनिटरिंग करने और बाइक चोरी व रिहायशी इलाकों में बढ़ रही चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए जांच में तेजी लाने हेतु अधिकारियों को पाबंद किया। नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए उन्होंने एमडी नशे की बिक्री रोकने और स्पा सेंटर्स की आड़ में चल रही अनैतिक गतिविधियों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की सख्त हिदायत दी।
शहर के बुनियादी ढांचे पर चर्चा करते हुए कैबिनेट मंत्री ने नगरपालिका क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त करने के आदेश दिए। उन्होंने उन क्षेत्रों को चिन्हित कर नई लाइटें लगाने के निर्देश दिए जहां अब तक प्रकाश की व्यवस्था नहीं है, साथ ही खराब सीसीटीवी कैमरों को जल्द ठीक करने की बात कही। स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए उप जिला चिकित्सालय (एसडीएच) की सुविधाओं पर विस्तृत मंथन किया गया। बैठक में एसडीएच प्रभारी महिपाल सिंह परमार ने चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ की वर्तमान स्थिति का ब्यौरा प्रस्तुत किया और जानकारी दी कि चिकित्सालय में जल्द ही डायलिसिस की सुविधा शुरू होने जा रही है। मंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए आमजन को सुलभ चिकित्सा सुनिश्चित करने और चिकित्सालय के नवीन भवन निर्माण की प्रक्रिया को गति देने के निर्देश दिए।
विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान श्री कुमावत ने सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को चेताया कि बजट घोषणा के तहत स्वीकृत सड़कों का निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूर्ण हो। उन्होंने गारंटी अवधि वाली सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता पर करने और मानसून पूर्व पुलिया व सड़क निर्माण कार्यों को निपटाने के निर्देश दिए। इसी प्रकार, पंचायती राज विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में पट्टों के वितरण और प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने तथा गांवों में स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया। भीषण गर्मी के आगमन को देखते हुए मंत्री ने जलदाय विभाग को हैंडपंपों की तत्काल मरम्मत और जल जीवन मिशन के तहत अधूरी टंकियों व घरेलू कनेक्शनों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए। बिजली कटौती की समस्या के समाधान हेतु उन्होंने एक समर्पित मोबाइल नंबर जारी करने तथा लो-वोल्टेज वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने के लिए बिजली विभाग को निर्देशित किया। इस बैठक में एसडीएम कालूराम कुम्हार, बीडीओ प्रमोद दवे, डीवाईएसपी जितेंद्र सिंह सहित सांसद प्रतिनिधि अनोप सिंह, भाजपा उपाध्यक्ष पूनम सिंह परमार और विभिन्न विभागों के अधिशाषी व सहायक अभियंता उपस्थित रहे।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
