प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के 12 वर्षों की उपलब्धियों के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे देशव्यापी विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत बुधवार को सांडेराव मंडल की ग्राम पंचायत बलाना में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस कार्यक्रम में पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने शिरकत करते हुए क्षेत्र में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का प्रत्यक्ष संवाद ग्रामीणों के साथ किया।

कार्यक्रम से पहले मंत्री कुमावत ने बलाना ग्राम में स्थित श्री खेड़ा देवी माता जी गोशाला सेवा समिति का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोशाला परिसर में गोवंश के लिए उपलब्ध चारे, पानी, स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया। व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने गोशाला प्रबंधन एवं सेवादारों के कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गोवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा गोशालाओं को आत्मनिर्भर और सुदृढ़ बनाने हेतु हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

दौरे के दौरान ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद मंत्री कुमावत ने चामुंडा माता मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्थानीय किसानों और पशुपालकों से संवाद स्थापित करते हुए पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र में संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा की तथा उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना।

इस दौरान क्षेत्र के विकास में योगदान देने वाले वरिष्ठ नागरिकों और प्रबुद्धजनों का भी सम्मान किया गया। जनसंपर्क कार्यक्रम में ग्रामीणों ने पानी, बिजली, सड़क और स्थानीय विकास से जुड़ी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं, जिन पर उन्होंने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

पर्यावरण संरक्षण के संदेश के तहत मंत्री कुमावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण भी किया। पूरे कार्यक्रम में सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और जमीनी स्तर पर उनके क्रियान्वयन को लेकर व्यापक संवाद देखने को मिला, जिसने स्थानीय स्तर पर विकास और जनसंपर्क की प्रक्रिया को और अधिक सशक्त किया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story