ग्रामीण विकास और सहकारिता ढांचे को नई मजबूती प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के तहत पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत साण्डेराव मंडल के ग्राम लापोद में ‘लापोद ग्राम सेवा सहकारी समिति लि.’ के नवनिर्मित आधुनिक गोदाम का विधि-विधान से लोकार्पण किया।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री कुमावत ने कहा कि राज्य सरकार किसानों और ग्रामीणों के आर्थिक उत्थान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि ‘अन्न भंडारण योजना’ के अंतर्गत निर्मित यह अत्याधुनिक गोदाम 500 मीट्रिक टन क्षमता वाला है, जिसे वर्ष 2024-25 की बजट घोषणा के तहत स्वीकृति प्रदान की गई थी। इस सुविधा के शुरू होने से स्थानीय किसानों को अपनी उपज के सुरक्षित भंडारण में मदद मिलेगी और उन्हें फसल कटाई के तुरंत बाद कम कीमतों पर उपज बेचने की मजबूरी से राहत प्राप्त होगी।

लोकार्पण समारोह के बाद मंत्री ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत पौधारोपण भी किया। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों और सहकारी समिति के सदस्यों से आह्वान किया कि लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण को भी समान जिम्मेदारी के साथ निभाया जाए, ताकि वे भविष्य में हरियाली का आधार बन सकें।

इससे पहले मंत्री कुमावत ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने नवनिर्मित गोदाम का सूक्ष्म अवलोकन करने के साथ-साथ ‘कस्टमर हायरिंग सेंटर (CHCs)’ में उपलब्ध आधुनिक कृषि उपकरणों की स्थिति की समीक्षा की। इसके अलावा उन्होंने निर्माणाधीन ग्राम सेवा सहकारी समिति (जीएसएस) भवन का निरीक्षण करते हुए निर्माण गुणवत्ता का जायजा लिया और अधिकारियों को कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित जनसुनवाई में लापोद एवं आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे और पानी, बिजली, सड़क, गोपालन एवं स्थानीय विकास से जुड़ी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर मौजूद संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के सख्त निर्देश दिए।

इस अवसर पर पीसीसीबी, पाली के एमडी प्रशांत कल्ला, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि महिराज सिंह चाणोद, साण्डेराव मंडल अध्यक्ष जोराराम देवासी, उपाध्यक्ष शंकर सिंह राजपुरोहित (काकू), मन की बात कार्यक्रम के जिला संयोजक शिवराज सिंह बिठिया, साण्डेराव मंडल महामंत्री मुकेश मोदी, लापोद ग्राम सेवा सहकारी समिति अध्यक्ष कपूराराम चौधरी, उपाध्यक्ष देवी सिंह मेड़तिया, किसान मोर्चा साण्डेराव मंडल अध्यक्ष धन्न सिंह राजपुरोहित, पीसीसीबी के वरिष्ठ प्रबंधक धमेंद्र कुमावत, धणा के उप सरपंच खंगाराम देवासी, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता पुराराम राठौड़ सहित प्रगतिशील किसान और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

यह कार्यक्रम न केवल सहकारी ढांचे को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित हुआ, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, कृषि सुविधाओं और स्थानीय विकास को नई गति देने वाला एक अहम पड़ाव भी माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story