पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत के जन्मदिन पर प्रदेशभर में पशु चिकित्सा शिविर आयोजित
गौशालाओं में पशुधन के स्वास्थ्य परीक्षण और बांझपन निवारण के लिए विशेष शिविरों का आयोजन किया गया, जिसमें टीकाकरण और आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई।

बाड़मेर के पथमेड़ा गौ चिकित्सालय में आयोजित शिविर के दौरान बीमार गौवंश का उपचार करते पशु चिकित्सक और उपस्थित विभागीय अधिकारी।
पशुपालन, गोपालन एवं देवस्थान मंत्री श्री जोराराम कुमावत का जन्मदिवस बुधवार को गौसेवा दिवस एवं सेवा के संकल्प के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर प्रदेश की सभी पंजीकृत एवं अपंजीकृत गौशालाओं में पशुधन के स्वास्थ्य संरक्षण एवं दुग्ध उत्पादन क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से एक दिवसीय व्यापक पशु चिकित्सा एवं बांझपन निवारण शिविरों का आयोजन किया गया।
आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में पशुपालकों ने अपने पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण करवाया तथा विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया। चिकित्सकों द्वारा गौवंश का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार किया गया तथा औषधियों का वितरण भी किया गया। शिविरों में बांझपन से प्रभावित गौवंशों की विस्तृत जांच कर उन्हें उपचार उपलब्ध कराने के साथ-साथ कृत्रिम गर्भाधान संबंधी सेवाएं एवं आवश्यक परामर्श भी प्रदान किए गए।
पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. सुरेशचंद मीना ने बताया कि पशुपालन मंत्री श्री जोराराम कुमावत के जन्मदिवस पर विभाग द्वारा प्रदेश की सभी गौशालाओं में इन विशेष शिविरों के आयोजन का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि मंत्री के सक्षम नेतृत्व में पशु कल्याण के क्षेत्र में अनेक नवाचार किए गए हैं, जिनमें मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना, मोबाइल वेटरिनरी यूनिट का संचालन तथा सेक्स सॉर्टेड सीमन से कृत्रिम गर्भाधान जैसे कार्यक्रम शामिल हैं, जिनसे पशुपालकों को व्यापक लाभ मिल रहा है।
डॉ. मीना ने बताया कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य गौशालाओं में आश्रय प्राप्त गौवंश को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा पशुपालकों को आधुनिक पशुपालन तकनीकों से जोड़ना है। शिविरों में खुरपका-मुंहपका, लंपी एवं अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम हेतु टीकाकरण एवं जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं। साथ ही पशुपालकों को संतुलित आहार, स्वच्छता प्रबंधन एवं पशु देखभाल संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी विस्तार से दी गई। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में इस प्रकार के शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, जिससे पशुधन विकास एवं गौसंवर्द्धन को निरंतर गति मिल सके।
इन शिविरों में बड़ी संख्या में गौशाला संचालकों, पशुपालकों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया। इस अवसर पर उपस्थित सभी ने पशुपालन मंत्री श्री जोराराम कुमावत के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की तथा पशुपालन एवं गौसंवर्द्धन के क्षेत्र में किए जा रहे उनके प्रयासों की सराहना की।
यह आयोजन प्रदेश में पशु स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण एवं गौसेवा को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
