राजस्थान कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने गौसेवा के साथ मनाया 62वां जन्मदिन
कैबिनेट मंत्री ने सुमेरपुर और कोलीवाड़ा में पूजा-अर्चना की और गौशालाओं को चारा एवं गुड़ भेंट कर जनसेवा का संदेश दिया।

सुमेरपुर में अपने 62वें जन्मदिवस के अवसर पर गौमाता को गुड़ खिलाते राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत।
राजस्थान सरकार के पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने अपना 62वां जन्मदिवस इस वर्ष भी पूर्ण सादगी, सेवा और सामाजिक सरोकारों के वातावरण में मनाया। उन्होंने अपने जन्मदिवस को किसी उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि जनकल्याण, मानव सेवा और गौसेवा के रूप में समर्पित कर एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।
मंत्री कुमावत ने अपने निज आवास पर पूजा-अर्चना के बाद सुमेरपुर स्थित भैरव चौक के भैरूजी मंदिर में धोक लगाई, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने उनका पुष्पमालाओं से स्वागत किया तथा मिठाई खिलाकर जन्मदिवस की बधाई दी। इसके पश्चात उन्होंने शिव मंदिर में पहुंचकर महादेव का जलाभिषेक किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न की।
गौसेवा के क्रम में मंत्री कुमावत ने गौमाता को चारा खिलाया तथा निराश्रित गौवंश के लिए एक ट्रॉली हरा चारा भेंट किया। इसके बाद वे श्रीराम गौशाला, कोलीवाड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने गौमाता की पूजा-अर्चना कर चारा एवं गुड़ अर्पित किया। गौशाला को उन्होंने अपने वजन के बराबर 86 किलो गुड़ तथा एक ट्रॉली हरा चारा भेंट किया। गौशाला परिसर में कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया।
कोलीवाड़ा से लौटने के बाद सुमेरपुर स्थित आवास पर दिनभर समर्थकों और शुभचिंतकों का तांता लगा रहा। हजारों कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने उनसे भेंट कर जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। मंत्री कुमावत ने सभी का स्वागत करते हुए मिठाई खिलाकर आभार व्यक्त किया तथा आगंतुकों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की।
इस अवसर पर उन्होंने अपने परिवार के साथ केक काटकर जन्मदिवस मनाया और पारिवारिक वातावरण में भोजन एवं संवाद के माध्यम से दिन को विशेष रूप से यादगार बनाया। अपराह्न 4 बजे वे अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए।
मंत्री कुमावत को देश-प्रदेश के विभिन्न मंत्रियों, विधायकों, सांसदों एवं पार्टी पदाधिकारियों ने व्यक्तिगत रूप से तथा सोशल मीडिया के माध्यम से जन्मदिवस की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेशभर में विभिन्न स्थानों पर गौसेवा, पूजा-अर्चना, हवन एवं स्वच्छता अभियान जैसे आयोजन किए गए। साथ ही प्रदेश की सभी पंजीकृत एवं अपंजीकृत गौशालाओं में एक दिवसीय पशु चिकित्सा एवं बांझपन निवारण शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार, औषधि वितरण, बांझपन जांच, कृत्रिम गर्भाधान सेवाएं तथा विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पशुपालकों ने सहभागिता की।
इस प्रकार मंत्री जोराराम कुमावत का जन्मदिवस सेवा, गौसेवा और जनकल्याण के व्यापक आयोजनों के साथ पूरे प्रदेश में सामाजिक सरोकारों के प्रतीक दिवस के रूप में मनाया गया, जिसने उनके जनसेवी व्यक्तित्व को और अधिक सशक्त रूप से रेखांकित किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
