जोराराम कुमावत ने बाड़मेर में की बजट घोषणाओं और पेयजल आपूर्ति की समीक्षा
पशुपालन मंत्री ने ग्रीष्मकालीन जल प्रबंधन के लिए समर कंटीजेंसी प्लान और किराडू मंदिर विकास योजना की प्रगति जांच कर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।

बाड़मेर जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को विकास कार्यों और पेयजल व्यवस्था के निर्देश देते पशुपालन एवं गोपालन मंत्री जोराराम कुमावत।
बाड़मेर, 19 मार्च। पशुपालन एवं गोपालन मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में फ्लैगशिप योजनाओं एवं बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पेयजल आपूर्ति और ग्रीष्मकालीन प्रबंधन की समीक्षा
बैठक में मंत्री कुमावत ने ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए पेयजल आपूर्ति की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने समर कंटीजेंसी प्लान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए टैंकर प्रबंधन, वैकल्पिक जल स्रोतों की उपलब्धता तथा खराब हैंडपंप एवं नलकूपों की शीघ्र मरम्मत के निर्देश दिए। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि "अवैध नल कनेक्शन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।"
बजट घोषणाओं और भूमि आवंटन पर चर्चा
प्रभारी मंत्री ने बजट घोषणाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए लंबित घोषणाओं के कारणों की जानकारी ली तथा उनके समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बजट वर्ष 2026-27 की घोषणाओं के लिए भूमि आवंटन की स्थिति की भी समीक्षा की और आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने को कहा। अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेन्द्र सिंह चांदावत ने बैठक में पीपीटी के माध्यम से बजट घोषणाओं एवं फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति का प्रस्तुतीकरण दिया।
पर्यावरण संरक्षण एवं किराडू मंदिर विकास योजना
बैठक में पंच गौरव कार्यक्रम की प्रगति, रोहिड़ा के अधिकाधिक पौधारोपण, नमो नर्सरी की तैयारियों एवं पौधारोपण अभियान की स्थिति पर भी चर्चा की गई। मंत्री कुमावत ने निर्देश दिए कि "किराडू मंदिर के विकास के लिए विस्तृत प्लान तैयार कर प्रस्तुत किया जाए।"
परिवेदना निस्तारण और विभागीय प्रगति
संपर्क पोर्टल पर प्राप्त परिवेदनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने लंबित प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। इसके अलावा राइजिंग राजस्थान के तहत हुए एमओयू की प्रगति तथा एलपीजी की वर्तमान आपूर्ति की स्थिति की भी समीक्षा की गई। बैठक में जिला प्रभारी सचिव रोहित गुप्ता, विधायक आदूराम मेघवाल, डॉ प्रियंका चौधरी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद् रवि कुमार, उपवन संरक्षक श्रीमती सविता दहिया, उपखंड अधिकारी यशार्थ शेखर, यक्ष चौधरी, समाजसेवी बालाराम मूंढ, अनंतराम विश्नोई, देवीलाल कुमावत सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी एवं विकास अधिकारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
