जोगाराम पटेल का कांग्रेस पर हमला: राजस्थान सरकार को बताया विनाशकारी
विधि मंत्री ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और भाजपा सरकार की विकास नीतियों व जन कल्याणकारी योजनाओं को बेहतर बताया।

जयपुर, 26 मई। विधि एवं न्याय मंत्री जोगाराम पटेल ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयानों पर तीखा पलटवार करते हुए कांग्रेस सरकार के कार्यकाल को राजस्थान के लिए विनाशकारी बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार के दौरान हुआ कुशासन, व्याप्त भ्रष्टाचार और प्रशासनिक विफलताओं को प्रदेश की जनता कभी नहीं भूल सकती। जोगाराम पटेल ने कहा कि अशोक गहलोत आज सुर्खियों में बने रहने और जनता को गुमराह करने के लिए बेबुनियाद बयानबाजी कर रहे हैं, जबकि सच्चाई यह है कि उनके कार्यकाल में राजस्थान का बेड़ा गर्क हो गया था।
मंत्री पटेल ने विशेष रूप से जल जीवन मिशन में हुए भ्रष्टाचार को रेखांकित करते हुए इसे प्रदेश की जनता के साथ किया गया महापाप करार दिया। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार के कई मंत्री और तत्कालीन अधिकारी आज इसी घोटाले के कारण सलाखों के पीछे हैं, ऐसे में उनके द्वारा जल संकट और जनहित की बातें करना जनता के साथ सबसे बड़ा छल है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने योजनाओं को जन-विकास का माध्यम बनाने के बजाय केवल अपना और अपनों का उद्धार करने का जरिया बना लिया था।
इसके विपरीत, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार जल स्रोतों के जीर्णोद्धार, संरक्षण और दीर्घकालिक जल प्रबंधन को प्राथमिकता देकर प्रदेश का भविष्य सुरक्षित कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार धर्म को राजनीति का नहीं, बल्कि विकासनीति का आधार मानती है। ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार प्रदेश में विकास और संस्कृति का अद्भुत समन्वय स्थापित कर रही है, जिसमें गंगा दशमी जैसे पर्वों को जल चेतना और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा गया है।
जल संकट के समाधान पर चर्चा करते हुए पटेल ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में यह मुद्दा केवल घोषणाओं तक सीमित रहा, जबकि भाजपा सरकार रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, ईएनजीपी का सुदृढ़ीकरण, गंगनहर, माही, देवास तथा सोम-कमला-अंबा परियोजनाओं पर रिकॉर्ड गति से काम कर रही है। स्वास्थ्य क्षेत्र में भी उन्होंने पूर्व सरकार को घेरा और पूछा कि कांग्रेस के समय अस्पतालों के भुगतान क्यों अटके और निजी अस्पतालों ने इलाज बंद क्यों किया था? उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य जैसी योजनाओं के माध्यम से पारदर्शी और स्थायी स्वास्थ्य सेवाएं दे रही है।
युवाओं के भविष्य पर प्रहार करते हुए विधि मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासन में पेपर लीक माफियाओं का बोलबाला था, जिससे युवाओं का भविष्य बर्बाद हुआ। वर्तमान सरकार ने सत्ता में आते ही इन माफियाओं पर सख्त कार्रवाई की है। अंत में, उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सुशासन मॉडल की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं गांव-गांव जाकर, ग्रामीण चौपालों में रात्रि विश्राम कर जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान कर रहे हैं। कांग्रेस ने राजस्थान को भ्रष्टाचार, कर्ज और तुष्टिकरण दिया, लेकिन भाजपा सरकार विकास, सुशासन और जनविश्वास के आधार पर एक ‘विकसित राजस्थान’ का संकल्प साकार कर रही है। राजस्थान की जनता अब कांग्रेस की भ्रम और आरोपों की राजनीति को पूरी तरह समझ चुकी है और उसे भाषण नहीं, परिणाम चाहिए।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
