विधि मंत्री जोगाराम पटेल का अभिनंदन, नए कानूनों पर कार्यशाला की सफलता पर जताया आभार
राजस्थान विधि सेवा संवर्ग के अधिकारियों ने नवीन आपराधिक कानूनों पर आयोजित ऐतिहासिक कार्यशाला के सफल क्रियान्वयन हेतु विधि मंत्री का सम्मान किया।

जयपुर के शासन सचिवालय में नवीन आपराधिक कानूनों पर आयोजित कार्यशाला की सफलता के बाद विधि मंत्री जोगाराम पटेल (मध्य) का अभिनंदन करते राजस्थान विधि सेवा संवर्ग के अधिकारी।
जयपुर। राजस्थान विधि सेवा संवर्ग के अधिकारियों द्वारा शासन सचिवालय स्थित मंत्रालय भवन में प्रदेश के माननीय विधि मंत्री श्री जोगाराम पटेल के सम्मान में एक गरिमामय अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। नवीन आपराधिक कानूनों पर जयपुर में आयोजित एक दिवसीय ऐतिहासिक कार्यशाला के सफल और भव्य क्रियान्वयन हेतु विधि अधिकारियों ने माननीय मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें सम्मानित किया। वक्ताओं ने इस दौरान स्पष्ट किया कि आगामी 9 मई 2026 का दिन प्रदेश एवं विधि विभाग के इतिहास में एक गौरवपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज हो गया है, जब बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यशाला के माध्यम से कानून के क्षेत्र में एक नई चेतना का संचार हुआ। इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में राजस्थान विधि सेवा संवर्ग और विधि रचनाकार सेवा के अधिकारियों सहित प्रदेशभर से आए लोक अभियोजकों एवं अपर लोक अभियोजकों ने सक्रिय सहभागिता दर्ज की।
उल्लेखनीय है कि इस उच्च स्तरीय आयोजन में माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा, भारत सरकार के विधि मंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल, राजस्थान के विधि मंत्री श्री जोगाराम पटेल, मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवासन, राजस्थान उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश श्री संजीव प्रकाश शर्मा, महाधिवक्ता श्री राजेन्द्र प्रसाद शर्मा तथा पुलिस महानिदेशक श्री राजीव शर्मा सहित न्याय और प्रशासन जगत की अनेक वरिष्ठ विभूतियाँ उपस्थित रहीं। इसी गौरवशाली मंच से अतिथियों द्वारा राजस्थान विधि सेवा संवर्ग के आधिकारिक "लोगो" का लोकार्पण भी संपन्न हुआ। अभिनंदन समारोह के दौरान अधिकारियों ने रेखांकित किया कि विधि मंत्री श्री जोगाराम पटेल के कुशल नेतृत्व और विशेष मार्गदर्शन के बिना इतनी व्यापक कार्यशाला का सफल आयोजन संभव नहीं था। इस अवसर पर अधिकारी योगेन्द्र कुमार दाधीच, गिरवर सिंह राठौड़, पवन चावला, महेंद्र कुमार बेगानी, सुमित शर्मा, महेश यादव एवं गजेन्द्र आदित्य सहित अन्य अधिकारियों ने मंत्री महोदय का अभिनंदन किया। यह आयोजन न केवल विधि क्षेत्र को नई दिशा प्रदान करने में सफल रहा, बल्कि इसने न्यायिक सुदृढ़ीकरण की दिशा में राजस्थान के बढ़ते कदमों को वैश्विक पटल पर गौरवान्वित भी किया है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
