उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने माल लदान के क्षेत्र में नई उपलब्धि दर्ज करते हुए खारिया खंगार रेलवे स्टेशन से पहली बार लाइमस्टोन (चूना पत्थर) का व्यावसायिक लदान शुरू किया है। रेलवे की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट (बीडीयू) के निरंतर प्रयासों और ग्राहक-उन्मुख नीतियों के फलस्वरूप यह लदान शुरू हुआ है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, खारिया खंगार स्टेशन से पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल स्थित मंगलम सीमेंट लिमिटेड के लिए लाइमस्टोन रेक का लदान किया जा रहा है। 21 सितंबर 2026 को पहला रेक सफलतापूर्वक लोड कर रवाना किया गया। इसके साथ ही इस माह 02 अतिरिक्त रेक लोड करने की योजना बनाई गई है।

जोधपुर मंडल के खारिया खंगार स्टेशन से रवाना होने वाली यह मालगाड़ी 539 किलोमीटर की दूरी तय कर मंगलम सीमेंट लिमिटेड, कोटा पहुंचेगी। पूरे रेक के माध्यम से रेलवे को ₹41.35 लाख रुपए का मालभाड़ा राजस्व प्राप्त होगा।

खारिया खंगार से शुरू हुआ लाइमस्टोन का यह नया लदान रेलवे के मालभाड़ा राजस्व में वृद्धि के साथ स्थानीय खनिज उद्योग, रोज़गार और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को भी सशक्त करेगा। इसके माध्यम से देश के औद्योगिक एवं बुनियादी ढांचागत विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान की दिशा में नई शुरुआत हुई है।

इसके अलावा जोधपुर मंडल के सोजत रोड, सोनू एवं बदवासी से भी लाइमस्टोन का लदान किया जा रहा है। खारिया खंगार से पहली बार शुरू हुआ यह व्यावसायिक लदान रेलवे की माल परिवहन गतिविधियों के विस्तार के साथ खनिज क्षेत्र से जुड़े परिवहन को नई गति देने वाला कदम है।

Next Story