जोधपुर की ऐतिहासिक धरोहर महिला बाग का झालरा शनिवार शाम कला, तकनीक और जनभागीदारी के अनूठे संगम से जगमगा उठा। यहां फ्रांसीसी कलाकार मैक्सिम टूरूट (Maxime Touroute) की सहभागी डिजिटल कला परियोजना ‘लेट्स ड्रॉ’ (Let's Draw) के माध्यम से झालरा की दीवारों पर विशाल डिजिटल कलाकृति प्रदर्शित की गई। भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष 2026 के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन भारत में फ्रांस के राजदूत महामहिम डॉ. थियरी माथू ने किया। इस पहल ने जोधपुर की ऐतिहासिक विरासत को आधुनिक डिजिटल कला और अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक संवाद से जोड़ने का मंच प्रदान किया।

21 नवंबर को आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन पब्लिक आर्ट ट्रस्ट ऑफ इंडिया (PATI), अलायंस फ्रांसेज़, जोधपुर नगर निगम, द जोधपुर लॉर (The Jodhpur Lore) एवं SCWEDIA के सहयोग से किया गया। यह आयोजन फ्रांस और भारत के बीच नवाचार, कला तथा सांस्कृतिक साझेदारी को बढ़ावा देने वाली Novembre Numérique पहल का हिस्सा रहा।

कार्यक्रम में विधायक अतुल भंसाली, पब्लिक आर्ट्स ट्रस्ट ऑफ इंडिया की संस्थापक अध्यक्ष सना रिज़वान, अलायंस फ्रांसेज़ जयपुर की अध्यक्ष डॉ. टूलिका गुप्ता और निदेशक संजना सरकार सहित कला एवं संस्कृति जगत से जुड़े कई लोग उपस्थित रहे।


डिजिटल नवम्बर (Novembre Numérique) और ‘लेट्स ड्रॉ’ परियोजना को जोधपुर की ऐतिहासिक विरासत के बीच सार्वजनिक एवं सहभागी कला अनुभव के रूप में प्रस्तुत किया गया। इसके तहत सुमेर स्कूल में कला, मनोविज्ञान एवं डिजाइन के विद्यार्थियों के लिए विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यमों के जरिए कलात्मक अभिव्यक्ति और रचनात्मकता को समझने का अवसर मिला। प्रतिभागियों ने अपने मोबाइल फोन से चित्र बनाए और इन चित्रों को डिजिटल कलाकृति में शामिल किया गया। इसके बाद ये चित्र महिला बाग का झालरा की ऐतिहासिक दीवारों पर जीवंत रूप में प्रदर्शित हुए।

इस अवसर पर भारत में फ्रांस के राजदूत डॉ. थियरी माथू ने कहा कि डिजिटल नवम्बर (Novembre Numérique) नवाचार और तकनीक को जनहित, रचनात्मकता तथा सांस्कृतिक संवाद से जोड़ने की साझा आकांक्षा को प्रदर्शित करता है। उन्होंने इस वर्ष के आयोजन में फ्रांसीसी और भारतीय संस्थानों तथा समुदायों के एक साथ आने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ‘लेट्स ड्रॉ’ जैसी परियोजनाएं लोगों, पीढ़ियों और संस्कृतियों के बीच सार्थक संबंध स्थापित करती हैं। यह भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष की भावना का प्रतीक है, जिसमें दोनों देशों की रचनात्मकता और विशेषज्ञता भविष्य के लिए नए संबंधों का निर्माण करती है।

आगामी कला आयोजनों की जानकारी देते हुए पाटी की संस्थापक अध्यक्ष सना रिज़वान ने कहा कि उनका मानना है कि कला सभी के लिए है और सबसे सार्थक संवाद तब होते हैं। उन्होंने बताया कि यह आयोजन आगामी ‘साइट जोधपुर’ की एक झलक है, जिसे रणजीत होस्कोटे क्यूरेट करेंगे। यह कला आयोजन 29 जनवरी से 21 फरवरी 2027 तक आयोजित होगा। इसके तहत शहर के विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों को सक्रिय करते हुए जोधपुर की स्थानीय शिल्प एवं स्थापत्य विरासत का उत्सव मनाया जाएगा।

सना रिज़वान ने कहा कि ‘लेट्स ड्रॉ’ इसी सोच को साकार करता है। इस परियोजना के माध्यम से कोई भी व्यक्ति अपने मोबाइल फोन से महिला बाग का झालरा पर जोधपुर की कहानी को चित्रों के जरिए उकेरने में योगदान दे सकता है। इस तरह एक शाम के लिए आम नागरिक भी शहर की सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का हिस्सा बन सकते हैं।

अलायंस फ्रांसेज़ जयपुर की अध्यक्ष डॉ. टूलिका गुप्ता ने कहा कि राजस्थान के विभिन्न शहरों के विरासत स्थलों को ऐसे मंच के रूप में विकसित करना, जहां समकालीन कला और डिजाइन पारंपरिक परिवेश के साथ सहजता से जुड़ सकें, अलायंस फ्रांसेज़ जयपुर के कार्यों का मूल उद्देश्य है। उन्होंने इस आयोजन को जोधपुर तक लाने में सहयोग के लिए भारत में फ्रांस के दूतावास, फ्रेंच इंस्टीट्यूट और पाटी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम की ब्लू सिटी को नई पहचान देने की सोच के बिना यह आयोजन संभव नहीं हो पाता।

महिला बाग का झालरा में आयोजित ‘लेट्स ड्रॉ’ ने ऐतिहासिक विरासत, डिजिटल तकनीक और आम लोगों की रचनात्मक भागीदारी को एक मंच पर लाकर भारत-फ्रांस सांस्कृतिक सहयोग को नई अभिव्यक्ति दी। वहीं, आगामी ‘साइट जोधपुर’ के जरिए शहर के ऐतिहासिक स्थलों, स्थानीय शिल्प और स्थापत्य विरासत को समकालीन कला से जोड़ने की पहल भी सामने आई।

Next Story