ब्यावर। (प्रातःकाल संवाददाता)। ब्यावर-मारवाड़ जंक्शन रेलखंड पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में जोधपुर-इंदौर एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना देव नगर के समीप हुई। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे ट्रेन संख्या 14801 जोधपुर-इंदौर एक्सप्रेस ब्यावर-मारवाड़ जंक्शन रेलखंड के मध्य स्थित देव नगर के समीप से गुजर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

रेल गाड़ी प्रबंधक की सूचना पर रेलवे सुरक्षा बल थाने के सहायक उप निरीक्षक गिरधारीलाल शर्मा और राजकीय रेलवे पुलिस चौकी के प्रधान आरक्षक आलोक कान्त तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने शव को कब्जे में लिया। इसके बाद शव को ट्रेन से ब्यावर रेलवे स्टेशन लाया गया, जहां से आयुष्मान रोगी वाहन के जरिए राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय के चीरघर पहुंचाया गया।

घटना के बाद मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी रहे, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। सेंदड़ा थाना पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हादसे के कारण जोधपुर-इंदौर एक्सप्रेस निर्धारित समय से करीब पौने एक घंटे की देरी से अपने गंतव्य के लिए रवाना हुई। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और मृतक की पहचान से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।

Next Story