जोधपुर, 28.02.2026: भारतीय डाक द्वारा शुरू की गई 'मैगजीन पोस्ट' एक विशेष सेवा है, जो पत्रिकाओं को देश भर में समय पर और किफ़ायती तरीके से वितरित करने के लिए डिज़ाइन की गई है। डाक विभाग ने पूरे भारत में पत्रिकाओं के लिए पत्रिका डाक सेवा शुरू की। 1 अप्रैल, 2022 से, पत्रिकाओं की बुकिंग और वितरण को सुगम बनाने के लिए इस सेवा में ट्रैक एंड ट्रेस सुविधा, प्रेषक और प्राप्तकर्ता दोनों के लिए एसएमएस अलर्ट और प्रकाशकों और ग्राहकों के लिए स्कैनिंग सुविधा जैसी सुविधाएं शामिल हैं। शुरुआत में इस सेवा के लिए बुकिंग सुविधा दिल्ली, अहमदाबाद, मुंबई, बैंगलोर, चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता, गुवाहाटी, लखनऊ और भोपाल जैसे बड़े शहरों में उपलब्ध थी और इसकी डिलीवरी पूरे भारत में की जाती है।

जोधपुर में सेवा का शुभारंभ और उद्देश्य

निदेशक डाक सेवाएं, राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र जोधपुर कर्नल सतीश सोलंकी ने बताया कि- "मैगज़ीन पोस्ट जैसी अतिविशेष सेवा का दिनांक 01.03.2026 से जोधपुर प्रधान डाकघर में शुभारम्भ होने जा रहा हैं। इस सेवा का उद्देश्य पूरे भारत में पत्रिकाओं के वितरण के लिए एक कुशल और विश्वसनीय डाक सेवा प्रदान करना, प्रकाशकों के लिए पंजीकरण और बुकिंग प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करना, नियामक ढांचे का अनुपालन सुनिश्चित करना, एसएमएस अलर्ट और ट्रैकिंग सेवाओं के माध्यम से प्रेषकों और प्राप्तकर्ताओं के लिए संचार और ट्रैकिंग क्षमताओं को बढ़ाना और प्रकाशन समुदाय और ग्राहकों की आवश्यकताओं को पूरा करने वाली एक पारदर्शी और जवाबदेह वितरण प्रणाली को बढ़ावा देना हैं।"

पंजीकरण हेतु अनिवार्य पात्रता और शर्तें

श्री सोलंकी ने आगे बताया कि 'मैगजीन पोस्ट' के तहत उन प्रकाशकों/पत्रिकाओं को पंजीकृत किया जायेगा जो प्रेस और पत्रिका पंजीकरण अधिनियम, 2023 के तहत भारत के प्रेस रजिस्ट्रार जनरल के पास पंजीकृत है और जिनके पास प्रेस रजिस्ट्रार द्वारा जारी किया गया पंजीकरण प्रमाण पत्र है, जो पत्रिकाओं की परिभाषा के अंतर्गत आता है और जिनका प्रकाशन, मुद्रण या प्रकाशन केवल भारत में ही होता है। इसके अतिरिक्त जिनके पास कम से कम 500 ग्राहकों की वास्तविक सूची उपलब्ध हो और एक बार में कम से कम 500 प्रतियों के साथ पोस्ट किया जायेगा।

ट्रैकिंग सुविधा और भुगतान के विकल्प

श्री सोलंकी ने आगे बताया कि 'मैगजीन पोस्ट' के तहत भेजी जाने वाली पत्रिकाओं के प्रकाशकों को अलग-अलग बारकोड श्रृंखला प्रदान की जाएगी, जिसे पत्रिकाओं के लिफाफे पर मुद्रित करना आवश्यक है। पत्रिकाओं के लिए संपूर्ण ट्रैकिंग सुविधा उपलब्ध होगी। ग्राहकों को पत्रिकाओं की बुकिंग और वितरण के संबंध में एसएमएस सूचनाएं प्रेषक और प्राप्तकर्ता दोनों को भेजी जाएंगी। 'मैगजीन पोस्ट' के तहत बीएनपीएल और अग्रिम भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध हैं। इस सुविधा के लाभ उठाने के लिये ग्राहक प्रवर डाकपाल जोधपुर डाकघर से सम्पर्क कर सकते हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story