जोधपुर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में भारत सरकार के केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राजस्थान को रेल सेवाओं और विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। इस अवसर पर गाड़ी संख्या 04871, जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस उद्घाटन स्पेशल रेलसेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, साथ ही कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारम्भ भी किया गया।

कार्यक्रम में जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस की डिब्बा संरचना को 8 कोच से बढ़ाकर 20 कोच किए जाने की घोषणा की गई, जिसमें 02 एक्जीक्यूटिव चेयरकार, 16 वातानुकूलित चेयरकार एवं 02 ड्राइवर पावर कार शामिल रहेंगे। यह नई संरचना नियमित गाड़ी संख्या 26481/26482, जोधपुर-दिल्ली कैंट-जोधपुर वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस में 24.05.2026 से लागू होगी। इसके साथ ही साबरमती-जोधपुर एक्सप्रेस का जैसलमेर तक विस्तार तथा जैसलमेर में ₹67 करोड़ की लागत से निर्मित नवनिर्मित कोच केयर कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन भी किया गया।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि पश्चिमी राजस्थान के प्रवासियों की लंबे समय से बढ़ी हुई रेल सेवाओं की मांग को ध्यान में रखते हुए चेन्नई, पुणे, हैदराबाद, मुंबई सहित कई प्रमुख शहरों के लिए नई रेल सेवाएं प्रारम्भ की गई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जोधपुर में बनने वाला कोचिंग टर्मिनल रेलवे विकास में मील का पत्थर साबित होगा, जबकि भगत की कोठी में वंदे भारत स्लीपर टर्मिनल विकसित किया जा रहा है।

उन्होंने जानकारी दी कि अगले 10 महीनों में जोधपुर से हरिद्वार के लिए नई रेल सेवा प्रारम्भ करने की तैयारी है। राजस्थान में रेलवे विकास हेतु वर्तमान में लगभग ₹10,000 करोड़ का रिकॉर्ड बजट दिया जा रहा है, जबकि पूर्व में यह राशि ₹700-800 करोड़ तक सीमित थी। राज्य में धांगरा-बांदीकुई, अजमेर-चित्तौड़गढ़, लूनी-भिलड़ी, रेवाड़ी-खाटूवास एवं सवाई माधोपुर-जयपुर रेलखंडों पर डबलिंग कार्य प्रगति पर है। मारवाड़ जंक्शन-मावली गेज कन्वर्जन, टनल निर्माण एवं नई रेल लाइनों का कार्य भी तीव्र गति से जारी है, वहीं पुष्कर एवं अंबाजी को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने की परियोजनाएँ भी प्रगति पर हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे विश्वस्तरीय सुविधाओं की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में रेलवे में अभूतपूर्व परिवर्तन हुआ है और मारवाड़ क्षेत्र में रेल विकास ने नए आयाम स्थापित किए हैं।

साबरमती-जैसलमेर प्रतिदिन सुपरफास्ट एक्सप्रेस रेलसेवा (गाड़ी संख्या 20486) को वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो 23.05.2026 से साबरमती से प्रातः 07.00 बजे प्रस्थान कर जोधपुर 14.40 बजे आगमन व 14.50 बजे प्रस्थान कर 20.30 बजे जैसलमेर पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 20485, जैसलमेर-साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस 23.05.2026 से जैसलमेर से 06.30 बजे रवाना होकर जोधपुर 11.40 बजे आगमन व 11.50 बजे प्रस्थान कर 20.00 बजे साबरमती पहुंचेगी।

जैसलमेर के पर्यटन महत्व का उल्लेख करते हुए सोनार किला, पटवों की हवेली, बड़ा बाग एवं थार मरुस्थल को प्रमुख आकर्षण बताया गया। नई रेल सेवाओं से पर्यटन, रोजगार, चिकित्सा एवं शिक्षा क्षेत्रों में कनेक्टिविटी को मजबूती मिलने की बात कही गई। साथ ही जैसलमेर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य पूर्ण होने तथा जयपुर स्टेशन को पिंक सिटी थीम पर विकसित किए जाने और पाली स्टेशन के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी दी गई।

राजस्थान में 25 गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें से 12 पूर्ण हो चुके हैं। इस अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ, मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी, राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, बिलाड़ा विधायक अर्जुन राम गर्ग, फलौदी विधायक पब्बाराम राम बिश्नोई, सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने विश्वास व्यक्त किया कि वर्तमान परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद राजस्थान को 200 से अधिक नई रेल सेवाओं का लाभ मिलेगा और राज्य रेलवे विकास के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story