जोधपुर और दिल्ली के बीच संचालित वंदे भारत एक्सप्रेस की क्षमता में विस्तार के बाद इसे यात्रियों का अभूतपूर्व प्रतिसाद मिल रहा है। आठ कोच से बढ़कर 20 कोच के साथ संचालित इस प्रीमियम रेल सेवा की पहली ही ट्रिप पूरी तरह फुल रही, जो इसकी बढ़ती लोकप्रियता का प्रमाण है। यात्रियों की बढ़ती संख्या और निरंतर मांग को देखते हुए रेल प्रशासन ने इस सेवा को आठ कोच से बढ़ाकर 20 कोच का किया है, ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को इस सुविधा का लाभ मिल सके।

आज दिनांक 24 मई 2026 को संचालित गाड़ी संख्या 26481, जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस में बुकिंग का आंकड़ा लगभग 94 प्रतिशत दर्ज किया गया। वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 26482, दिल्ली कैंट-जोधपुर वंदे भारत एक्सप्रेस में बुकिंग 118 प्रतिशत रही, जो इस रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के बीच इस ट्रेन की अत्यधिक मांग को स्पष्ट रूप से दर्शाती है।

गौरतलब है कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बीते 22 मई 2026 को इस महत्वपूर्ण रेल सेवा को आठ कोच से बढ़ाकर 20 कोच की क्षमता के साथ हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। जोधपुर और दिल्ली के मध्य बेहतर, सुगम और तीव्र कनेक्टिविटी प्रदान करने में यह रेल सेवा अत्यंत सहायक सिद्ध हो रही है। अपनी आधुनिक सुविधाओं और बढ़ी हुई क्षमता के साथ, यह ट्रेन यात्रियों के लिए पहली पसंद बनी हुई है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story