जोधपुर कमिश्नरेट पुलिस ने ‘डिजिटल अरेस्ट’ साइबर फ्रॉड के एक बड़े मामले में निर्णायक कार्रवाई करते हुए 1.85 करोड़ रुपये की ठगी प्रकरण में एक और सहआरोपी को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी करीब 500 किलोमीटर तक पीछा कर सवाईमाधोपुर जिले से की गई, जहां आरोपी को दबोच लिया गया। अब तक इस मामले में कुल 5 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, जबकि पुलिस की सतर्कता से 40 लाख रुपये रिफंड कराए गए और 22 लाख रुपये की अतिरिक्त साइबर ठगी होने से बचाई गई।

यह मामला 23 फरवरी 2026 को साइबर थाना में दर्ज हुआ था, जिसमें एक महिला ने रिपोर्ट दी थी कि अज्ञात साइबर ठगों ने व्हाट्सएप कॉल कर खुद को जांच एजेंसी का अधिकारी बताया। आरोपियों ने महिला के आधार कार्ड का अपराध में उपयोग होने का भय दिखाकर उसे मानसिक दबाव में लिया और लगातार निगरानी में रखते हुए ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर दिया। इसी दौरान डर और भ्रम की स्थिति पैदा कर उससे अलग-अलग बैंक खातों में करीब 1.85 करोड़ रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए।

प्रकरण दर्ज होने के बाद साइबर थाना पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान शुरू किया। जांच में अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 40 लाख रुपये की राशि पीड़िता को वापस दिलवाई, जबकि 22 लाख रुपये की अतिरिक्त धोखाधड़ी को समय रहते रोक लिया गया।

ताजा कार्रवाई में पुलिस टीम को आरोपी की लोकेशन सवाईमाधोपुर जिले में मिली, जिसके बाद लगातार निगरानी रखते हुए करीब 500 किलोमीटर तक पीछा किया गया। अंततः पुलिस ने आरोपी जनकराज पुत्र भागचंद मीणा (25), निवासी पिलौदा, जिला सवाईमाधोपुर को गिरफ्तार कर लिया।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त शरत कविराज और पुलिस उपायुक्त मुख्यालय शाहीन सी. के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त त्वरित अनुसंधान इकाई धन्ना राम के सुपरविजन में की गई। सहायक पुलिस आयुक्त साइबर थाना पदमदान चारण के निर्देशन तथा पुलिस निरीक्षक सुरेश सारण के नेतृत्व में गठित टीम ने ऑपरेशन को अंजाम दिया। इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक सुरेश सारण, सहायक उप निरीक्षक जमशेद खां और कांस्टेबल महेन्द्र की विशेष भूमिका रही।

डिजिटल अरेस्ट के नाम पर की गई यह 1.85 करोड़ रुपये की साइबर ठगी और उसके बाद पुलिस की लगातार कार्रवाई, साइबर अपराध के बढ़ते नेटवर्क पर प्रभावी नियंत्रण और त्वरित अनुसंधान की महत्वपूर्ण मिसाल बनकर सामने आई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story