ग्रीष्मावकाश में यात्रियों को बड़ी राहत: जोधपुर-चेन्नई के बीच चलेगी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन, जयपुर समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव
ग्रीष्मावकाश में यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए रेलवे ने जोधपुर-चेन्नई के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। जानिए ट्रेन का पूरा रूट, समय-सारिणी, ठहराव और संचालन अवधि से जुड़ी अहम जानकारी।

ग्रीष्मावकाश के दौरान बढ़ती यात्री संख्या और लंबी दूरी की यात्रा की मांग को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को विशेष सुविधा प्रदान करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में जोधपुर और चेन्नई के बीच साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा का संचालन किया जाएगा, जिससे राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना और तमिलनाडु के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार रेलवे द्वारा गाड़ी संख्या 04815, जोधपुर-चेन्नई बीच साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा का संचालन 27 जून 2026 से 25 जुलाई 2026 तक कुल पांच ट्रिप के लिए किया जाएगा। यह ट्रेन प्रत्येक शनिवार को जोधपुर से रात 9:20 बजे रवाना होगी तथा रविवार को जयपुर स्टेशन पर रात 1:55 बजे पहुंचेगी और 2:05 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद यह ट्रेन सोमवार को रात 8:00 बजे चेन्नई बीच स्टेशन पहुंचेगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 04816, एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-जोधपुर साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा का संचालन 30 जून 2026 से 28 जुलाई 2026 तक कुल पांच ट्रिप के लिए किया जाएगा। यह ट्रेन प्रत्येक मंगलवार को शाम 5:15 बजे एमजीआर चेन्नई सेंट्रल से रवाना होगी और गुरुवार को दोपहर 2:50 बजे जयपुर स्टेशन पहुंचेगी। यहां 10 मिनट के ठहराव के बाद यह ट्रेन दोपहर 3:00 बजे प्रस्थान कर उसी दिन रात 8:30 बजे जोधपुर पहुंचेगी।
यह विशेष रेलसेवा अपने निर्धारित मार्ग में मेडता रोड, डेगाना, मकराना, कुचामन सिटी, फुलेरा, जयपुर, दुर्गापुरा, सवाई माधोपुर, सोगरिया, बारां, छबड़ा गुगोर, रूठियाई, गुना, बीना, भोपाल, इटारसी, नागपुर, बल्हारशाह, सिरपुर कागजनगर, मंचिर्याल, वरंगल, खम्मम, विजयवाड़ा, बापटला, चीराला, ओंगोल, नेल्लोर, गुडूर तथा नायडुपेटा सहित अनेक प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस स्पेशल ट्रेन में कुल 19 डिब्बे लगाए जाएंगे, जिनमें 2 सेकंड एसी कोच, 15 थर्ड एसी कोच तथा 2 गार्ड डिब्बे शामिल होंगे। ग्रीष्मावकाश के दौरान लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह विशेष रेलसेवा अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध कराएगी और प्रमुख शहरों के बीच बेहतर रेल संपर्क सुनिश्चित करेगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
