जोधपुर: आंगनबाड़ी केंद्रों को सर्वांगीण विकास केंद्र बनाने के निर्देश
निदेशक वासुदेव मालावत ने जोधपुर में विभागीय समीक्षा बैठक कर कुपोषण मुक्ति और केंद्रों पर बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जोधपुर प्रवास के दौरान समेकित बाल विकास सेवाओं के निदेशक वासुदेव मालावत (आईएएस) विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कुपोषण मुक्त राजस्थान के लिए निर्देश दे रहे हैं।
जोधपुर, 8 अप्रेल 2026। निदेशक, समेकित बाल विकास सेवाएं, राजस्थान, जयपुर श्री वासुदेव मालावत (आई.ए.एस.) ने आज अपने जोधपुर प्रवास के दौरान उपनिदेशक, महिला एवं बाल विकास विभाग (मबावि), जोधपुर कार्यालय का निरीक्षण किया। इसके पश्चात विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु जिले के समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक ली गई। बैठक के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि "आंगनबाड़ी केंद्र केवल वितरण केंद्र न बनकर बच्चों के सर्वांगीण विकास के केंद्र के रूप में स्थापित होने चाहिए।"
बुनियादी ढांचे और सौंदर्यीकरण पर जोर
श्री मालावत ने आंगनबाड़ी केंद्रों के ढांचागत सुधार पर विशेष बल देते हुए निर्देशित किया कि SAMSA एवं SDRF मद के अंतर्गत स्वीकृत सभी मरम्मत कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने 'आदर्श आंगनबाड़ी' की संकल्पना को धरातल पर उतारने के लिए केंद्रों के सौंदर्यीकरण पर जोर दिया। निदेशक ने विशेष तौर से निर्देश दिए कि प्रत्येक केंद्र पर बिजली, स्वच्छ पेयजल और क्रियाशील शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कुपोषण के विरुद्ध प्रभावी अभियान और मॉनिटरिंग
बच्चों के स्वास्थ्य प्रबंधन पर चर्चा करते हुए निदेशक ने बच्चों के अति-कुपोषित एवं कुपोषित होने के मूल कारणों की पहचान करने की बात कही। उन्होंने कुपोषण के विरुद्ध अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए MTC (कुपोषण उपचार केंद्र) में बच्चों के रेफरल और उपचार के पश्चात उनके नियमित फॉलो-अप की सघन मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। श्री मालावत द्वारा गंभीर न्यून वजन वाले बच्चों की शत प्रतिशत ट्रैकिंग करना सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रशासनिक कुशलता और अंतिम छोर तक लाभ
बैठक के अंत में श्री मालावत ने सभी अधिकारियों को फील्ड स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और विभागीय योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया। साथ ही अतिरिक्त निदेशक प्रशासन अल्का विश्नोई ने सीडीपीओ को प्रशासनिक कुशलता से कार्य करने के निर्देश दिए। उपनिदेशक रावत राम ने बताया कि बैठक में जिले के समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी और कार्यालय के कार्मिकों ने भाग लिया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
