बवासीर, भगंदर और फिशर जैसी गुदा संबंधी बीमारियों से परेशान मरीजों को निःशुल्क आयुर्वेदिक उपचार उपलब्ध कराने के लिए झुंझुनू के सिंघाना में 10 दिवसीय विशेष चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रीय आयुष मिशन एवं आयुर्वेद विभाग, राजस्थान के संयुक्त तत्वावधान में यह शिविर 16 से 25 दिसंबर तक सिंघाना स्थित कैम्ब्रिज नर्सिंग कॉलेज में लगाया जाएगा।

शिविर में प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक ओपीडी सेवाएं संचालित होंगी। इस दौरान अर्श (बवासीर), भगंदर (नासूर), फिशर सहित अन्य गुदा रोगों से पीड़ित मरीजों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच की जाएगी। मरीजों को आयुर्वेद पद्धति से उपचार, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यकतानुसार शल्य चिकित्सा की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न रोगों की चिकित्सा भी की जाएगी।

मीडिया प्रकोष्ठ के डॉ. राजेंद्र कुमावत ने बताया कि शिविर में क्षारसूत्र विधि के माध्यम से अर्श और भगंदर का उपचार किया जाएगा। इस विधि से बिना चीरा-टांके के उपचार की सुविधा उपलब्ध रहेगी। शिविर में पंजीकृत मरीजों को निःशुल्क दवाइयां, चिकित्सकीय परामर्श और पथ्य की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।

डॉ. कुमावत ने उदयपुरवाटी क्षेत्र के आमजन से अपील की है कि बवासीर, भगंदर, फिशर अथवा गुदा संबंधी किसी भी समस्या को लंबे समय तक नजरअंदाज न करें। ऐसी समस्याओं से पीड़ित लोग समय रहते विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लें और शिविर में उपलब्ध निःशुल्क चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उठाएं। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए यह शिविर आयुर्वेद आधारित उपचार की महत्वपूर्ण सुविधा उपलब्ध कराएगा।

शिविर का मार्गदर्शन आयुर्वेद विभाग, झुंझुनू के उपनिदेशक डॉ. अश्विनी कुमार करेंगे। वहीं, शिविर प्रभारी की जिम्मेदारी बीडीके आयुर्वेद, झुंझुनू के डॉ. महेश माटोलिया संभालेंगे। सह शिविर प्रभारी एवं प्रधान सर्जन के रूप में डॉ. सुनील कनौड़िया अपनी सेवाएं देंगे।

सिंघाना में 16 से 25 दिसंबर तक आयोजित होने वाला यह शिविर अर्श, भगंदर और अन्य गुदा रोगों से पीड़ित मरीजों को विशेषज्ञ जांच, परामर्श, क्षारसूत्र उपचार और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगाया जा रहा है।

Next Story