झुंझुनूं जिले में पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों के तहत अवैध मादक पदार्थों के परिवहन के मामले में 850 ग्राम डोडा पोस्त चूरा और आइशर ट्रक जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, विशेष अभियान के तहत तकनीकी सहायता से 79 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए गए हैं। चिड़ावा में ट्रक की तलाशी के दौरान चालक सीट के पास मिले तीन लाख रुपये नकद भी संदिग्ध मानते हुए जब्त किए गए हैं।

चिड़ावा थाना पुलिस ने जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन और वृत्ताधिकारी चिड़ावा गौरव गुर्जर के सुपरविजन में यह कार्रवाई की। 22-23 नवंबर 2026 की रात थानाधिकारी लक्ष्मीचंद वर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने चिड़ावा कस्बे के पिलानी बाईपास चौराहे पर ए श्रेणी की नाकाबंदी की थी।

इस दौरान सूरजगढ़ की तरफ से आ रहे आइशर प्रो-2118 ट्रक नंबर RJ 18 GD 3488 को रुकवाकर तलाशी ली गई। ट्रक की केबिन में एक पारदर्शी पॉलीथीन थैली में संदिग्ध पदार्थ और चालक सीट के पास काले रंग की पॉलीथीन में रुपये की गड्डियां मिलीं। चालक ने पूछताछ में अपना नाम हरीराम पुत्र श्रवण कुमार, उम्र 34 वर्ष, निवासी खोजास, थाना गोठड़ा बताया। उसने पारदर्शी थैली में डोडा पोस्त चूरा और दूसरी थैली में तीन लाख रुपये होने की जानकारी दी।

पुलिस ने तलाशी के दौरान 850 ग्राम डोडा पोस्त चूरा बरामद किया। मादक पदार्थ के संबंध में वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने डोडा पोस्त चूरा, संदिग्ध तीन लाख रुपये नकद और मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त आइशर ट्रक जब्त कर लिया। साथ ही आरोपी हरीराम को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। प्रकरण का अनुसंधान मंड्रेला थानाधिकारी कैलाश चन्द्र, उप निरीक्षक द्वारा किया जा रहा है।

दूसरी कार्रवाई में झुंझुनूं जिला पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर तकनीकी सहायता से 79 गुमशुदा मोबाइल फोन खोजे। जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान के तहत CEIR पोर्टल की सहायता से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए मोबाइल फोन रिकवर किए गए। पुलिस ने सभी 79 मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द कर दिए।

लंबे समय से अपने मोबाइल फोन मिलने का इंतजार कर रहे लोगों को जब उनके फोन वापस मिले तो उन्होंने झुंझुनूं पुलिस का आभार व्यक्त किया।

पुलिस ने मोबाइल फोन गुम होने या चोरी होने की स्थिति में नागरिकों से तत्काल रिपोर्ट दर्ज करवाने की अपील की है। इसके लिए राजस्थान पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट के नागरिक सेवाएं अनुभाग में ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज करवाई जा सकती है। जरूरत पड़ने पर नजदीकी पुलिस थाने में भी शिकायत दी जा सकती है।

गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाने के बाद राजस्थान पुलिस की वेबसाइट के नागरिक सेवा अनुभाग अथवा CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल का IMEI नंबर ब्लॉक करवाना चाहिए। इस प्रक्रिया के लिए मोबाइल बिल, पहचान संबंधी दस्तावेज और गुमशुदगी रिपोर्ट की जानकारी आवश्यक हो सकती है। इसके अलावा, गुम हुए मोबाइल में सक्रिय सिम कार्ड को बंद करवाने के लिए मोबाइल सेवा प्रदाता के रिटेलर से संपर्क कर उसी नंबर का सिम दोबारा जारी करवाना चाहिए, ताकि पुराने सिम का दुरुपयोग रोका जा सके।

पुलिस ने बताया कि ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने में असमर्थ व्यक्ति नजदीकी पुलिस थाने में जाकर सहायता प्राप्त कर सकता है। मोबाइल गुम होने पर तुरंत शिकायत दर्ज करवाने और IMEI ब्लॉक करवाने की प्रक्रिया अपनाने से उसके संभावित दुरुपयोग को रोकने में मदद मिल सकती है।

Next Story