राजस्थान पुलिस की सीआईडी क्राइम ब्रांच ने इनामी अपराधियों और हार्डकोर बदमाशों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए झुंझुनू जिले के सूरजगढ़ थाने के हिस्ट्रीशीटर और ₹10 हजार के इनामी आरोपी कर्मवीर उर्फ कर्म सिंह को धौलपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी नागपुर से ग्वालियर होते हुए धौलपुर पहुंच रहा था और लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस अपराध बिपिन कुमार पाण्डेय के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। उप महानिरीक्षक पुलिस राशि डोगरा डूडी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेहा अग्रवाल के सुपरविजन में गठित विशेष टीम ने फरार चल रहे आरोपी को दबोचने में सफलता हासिल की।

एडीजी पाण्डेय ने बताया कि उपनिरीक्षक शैलेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम को खुफिया सूचना मिली थी कि हिस्ट्रीशीटर कर्मवीर गिरफ्तारी से बचने के लिए नागपुर से ग्वालियर होते हुए धौलपुर की ओर आ रहा है। सूचना को एएसआई शंकर दयाल Sharma और झुंझुनू डीएसटी के एएसआई शशिकान्त ने तकनीकी रूप से विकसित किया। पुख्ता जानकारी मिलने के बाद टीम ने धौलपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सागरपाड़ा पुलिस चौकी के सामने घेराबंदी की और स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी कर्मवीर उर्फ कर्मसिंह (37) निवासी किढ़वाणा थाना सूरजगढ़ एक आदतन और शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ राजस्थान और पड़ोसी राज्यों के विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ चिड़ावा थाने में वर्ष 2011 और 2013 में अपहरण और दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामले दर्ज हैं। इसके अलावा खेतड़ी नगर, बहल, सूरजगढ़, सदर झुंझुनू, बगड़, झोटवाड़ा जयपुर और भोजासर जोधपुर में चोरी, लूट, जानलेवा हमला, आगजनी और सार्वजनिक शांति भंग करने जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं।

आरोपी की हालिया तलाश सूरजगढ़ थाने में दर्ज एक मामले में की जा रही थी। पीड़ित दीपक मेघवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अक्टूबर 2025 में आरोपी कर्मवीर और उसके साथियों ने उसे जातिसूचक गालियां दीं, सरेआम मारपीट की और जबरन मोटरसाइकिल पर अपहरण कर ले गए। आरोपियों ने पीड़ित और उसके चाचा को धर्मकांटा पर बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा और मरा हुआ समझकर सड़क किनारे फेंक दिया था। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था, जिस पर पुलिस अधीक्षक झुंझुनू ने ₹10 हजार का इनाम घोषित किया था।

इस जटिल ऑपरेशन में सीआईडी क्राइम ब्रांच और झुंझुनू डीएसटी के बीच बेहतरीन तालमेल देखने को मिला। एएसआई शंकर दयाल शर्मा और शशिकान्त की विशेष सूचना तथा हेड कांस्टेबल रविन्द्रसिंह और कांस्टेबल अमित सिहाग के तकनीकी कौशल ने आरोपी को ट्रैक करने में अहम भूमिका निभाई। टीम के अन्य सदस्य हेड कांस्टेबल कुलदीप, बृजेश कुमार, कांस्टेबल नरेश कुमार और सोहनदेव का भी सराहनीय योगदान रहा। कार्रवाई में झुंझुनू डीएसटी से हेड कांस्टेबल हरीश, कांस्टेबल संदीप गांधी, योगेंद्र और कुलदीप ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गिरफ्तार आरोपी को अग्रिम कार्रवाई के लिए सूरजगढ़ थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story