जयसिंहपूरा खोर में भगवान झूलेलाल और स्वामी टेऊँराम की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा
जयपुर के जयसिंहपूरा खोर में 15 मई को वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भगवान झूलेलाल की मूर्ति स्थापित होगी, विधायक बालमुकुंदाचार्य ने कार्यक्रम पोस्टर का विमोचन किया।

जयपुर में हवामहल विधायक स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज और मंदिर सेवा समिति के सदस्य भगवान श्री झूलेलाल मंदिर में होने वाली मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का पोस्टर विमोचन करते हुए।
जयपुर। गुलाबी नगरी के जयसिंहपूरा खोर स्थित भगवान श्री झूलेलाल मंदिर में आगामी 15 मई, शुक्रवार को भक्ति और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। भगवान श्री झूलेलाल मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह में श्री अमरापुर स्थान के प्रेम प्रकाश मंडलाध्यक्ष परम पूज्य गुरुवर सतगुरु स्वामी भगत प्रकाश जी महाराज एवं संत मंडल के पावन सानिध्य में भगवान श्री झूलेलाल एवं आचार्य श्री सद्गुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा एवं अनावरण विधि-विधान पूर्वक संपन्न किया जाएगा। इस पुनीत कार्य का शुभारंभ पोस्टर विमोचन के साथ हुआ, जिसे हवामहल विधानसभा क्षेत्र के विधायक स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज के कर कमलों द्वारा संपन्न किया गया।
कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार, प्रातः 10 बजे प्रेम प्रकाश मंडलाध्यक्ष एवं पूज्य संत मंडल की उपस्थिति में विद्वान ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इस गरिमामय उत्सव में क्षेत्रीय जनप्रनिधियों और प्रमुख हस्तियों की सहभागिता रहेगी, जिनमें मुख्य रूप से लोकप्रिय सांसद मंजू शर्मा, हवामहल विधायक स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज एवं समाजसेवी तुलसी त्रिलोकानी सहित अनेक गणमान्य नागरिक शामिल होकर धर्म लाभ लेंगे।
आयोजन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे समिति के कन्हैयालाल पारवानी, देवीदास चेलानी, दीपक कुमार धामेजानी, दौलत त्रिलोकानी, करन अलवानी, प्रेमचंद फुलवानी, विजय हरलानी एवं सुनील कुमार ने इस विशाल धार्मिक आयोजन में समस्त समाज को सपरिवार प्रेमपूर्वक आमंत्रित किया है। श्रद्धा के इस महोत्सव में आध्यात्मिक ऊर्जा के संचार के साथ-साथ महाप्रसादी का विशेष प्रबंध किया गया है, जहां मूर्ति स्थापना और भव्य अनावरण के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जो इस धार्मिक अनुष्ठान की पूर्णता को और अधिक प्रभावशाली बनाएगा।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
