झालावाड़ पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। डग पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 474 ग्राम एमडीएमए, 22 ग्राम 85 मिलीग्राम स्मैक और 2.613 किलोग्राम संदिग्ध पाउडर बरामद किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की। बरामद मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई गई है।

महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर थानाधिकारी डग भंवरसिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

रविवार 23 अगस्त को जिला स्पेशल टीम से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हरनावदा से धतुरिया की ओर जाने वाले रास्ते पर संदिग्ध उमराव सिंह की चेकिंग की। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद प्लास्टिक के थैले में छह अलग-अलग थैलियां मिलीं। इनमें 474 ग्राम एमडीएमए, 22 ग्राम 85 मिलीग्राम स्मैक और 2.613 किलोग्राम संदिग्ध पाउडर बरामद हुआ।

पुलिस ने सभी मादक पदार्थ जब्त करने के साथ परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली। आरोपी उमराव सिंह पुत्र शिवसिंह, उम्र 26 वर्ष, निवासी डोकरखेड़ी, थाना सुवासरा, जिला मंदसौर (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया है। पुलिस आरोपी से मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और उसके पीछे सक्रिय तस्करी नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ एवं अनुसंधान कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story