जवाई बांध रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर सुमेरपुर-जवाई बांध हुआ, अधिसूचना जारी
राजस्थान सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने नाम परिवर्तन की अधिसूचना जारी की, कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत का स्थानीय लोगों ने किया स्वागत।

पाली जिले के सुमेरपुर में रेलवे स्टेशन का नाम संशोधित होने के बाद कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत के निज आवास पर आयोजित स्वागत समारोह का दृश्य।
जयपुर, 31 जनवरी। अगर आप पाली जिले के सुमेरपुर या इसके आसपास के क्षेत्र से जवाई बांध रेलवे स्टेशन से नियमित रूप से ट्रेन से सफर करते हैं तो आपके लिए यह जानना बेहद जरूरी है कि अब इस रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर सुमेरपुर-जवाई बांध हो गया है। ऐसे में यात्रा और टिकट बुकिंग के दौरान कोई कंफ्यूजन नहीं हो इसलिए इस रेलवे स्टेशन के नए नाम तुरंत जान लीजिये।
आधिकारिक अधिसूचना और सरकारी प्रक्रिया
सामान्य प्रशासन विभाग, राजस्थान सरकार के प्रमुख शासन सचिव नवीन जैन ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। इसके लिए भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अवर सचिव की सहमति के अनुसरण में सामान्य प्रशासन विभाग ने जवाई बांध रेलवे स्टेशन के नाम में संशोधन की स्वीकृति जारी की है।
कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत का अभूतपूर्व स्वागत
सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक व पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग, राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत के प्रयासों से इस रेलवे स्टेशन का नाम संशोधित होने पर शनिवार को उनका स्थानीय बाशिदों ने अभूतपूर्व स्वागत किया। पाली जिले के प्रवास के दौरान सुमेरपुर में अपने निज आवास पर पहुंचे कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत का जोरदार स्वागत किया गया।
नाम परिवर्तन के पीछे का जन-प्रयास
गौरतलब है कि इस रेलवे स्टेशन का नाम परिवर्तित करने के संबंध में स्थानीय निवासियों तथा कई जनप्रतिनिधियों द्वारा लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे।
- सुमेरपुर वासियों ने पाली सांसद पीपी चौधरी और स्थानीय विधायक श्री जोराराम कुमावत को ज्ञापन दिए गए।
- इसके बाद कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने रेल मंत्री अश्विन वैष्णव को इस संबंध में अवगत कराया।
कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत के प्रयासों के बाद रेल मंत्री अश्विन वैष्णव को अवगत कराने पर संशोधन के आदेश जारी कर दिए गए।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
