शासन सचिव शुचि त्यागी ने दीप प्रज्वलन और गुब्बारों के व्योमीकरण के साथ किया उद्घाटन, 520 प्रतिभागी सीखेंगे कला की विभिन्न विधाएं।

जवाहर कला केन्द्र में आयोजित जूनियर समर कैम्प 2026 का शुभारम्भ शुक्रवार को पर्यटन, कला एवं संस्कृति शासन सचिव तथा जेकेके की महानिदेशक श्रीमती शुचि त्यागी ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदेमातरम् की प्रस्तुति से हुई। इसके बाद मुक्ताकाशी मंच पर प्रशिक्षणार्थियों और अभिभावकों की मौजूदगी में खुले आसमान में गुब्बारों के व्योमीकरण के साथ कैम्प का औपचारिक उद्घाटन किया गया।

स्वागत उद्बोधन में शासन सचिव श्रीमती शुचि त्यागी ने बच्चों की प्रतिभा, कला के प्रति उनके रुझान और सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए सृजनशीलता एवं रचनात्मकता को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने बच्चों को कला के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ उनके व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उद्घाटन सत्र के दौरान अतिरिक्त महानिदेशक डॉ. अनुराधा गोगिया ने बताया कि जूनियर समर कैम्प में रंगमंच के साथ संगीत, गायन, तबला, गिटार, बांसुरी, सिंथेसाइजर, कथक नृत्य, लोकनृत्य, वेस्टर्न डांस और दृश्य कला की गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। दृश्य कला के अंतर्गत डूडल आर्ट, पोर्ट्रेट और मधुबनी कला को शामिल किया गया है। इसके अलावा साहित्य विधा के तहत स्टोरी ट्री गतिविधि के माध्यम से बच्चों को प्रारंभिक प्रशिक्षण देकर उनकी प्रतिभा को निखारने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष कैम्प में करीब 520 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। यह कैम्प 16 मई से 20 जून 2026 तक आयोजित किया जाएगा। समापन अवसर पर प्रतिभागियों द्वारा प्राप्त प्रशिक्षण का मंचीय प्रदर्शन भी प्रस्तुत किया जाएगा।

जवाहर कला केन्द्र पिछले 33 वर्षों से विभिन्न कला विधाओं के परंपरागत गुरुओं के माध्यम से बच्चों में रचनात्मकता और कलात्मक अभिरुचि विकसित करने के लिए निरंतर कार्य करता आ रहा है। जूनियर समर कैम्प 2026 का आयोजन भी इसी सांस्कृतिक और शैक्षणिक परंपरा को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story