वैश्विक रत्न एवं आभूषण जगत में अपनी बेजोड़ कला और गौरवशाली विरासत के लिए विख्यात गुलाबी नगरी जयपुर एक बार फिर इतिहास रचने के लिए पूरी तरह तैयार है। स्थानीय सीतापुरा स्थित नोवोटेल जयपुर कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में आगामी 3 से 5 जुलाई 2026 तक ज्वेलर्स एसोसिएशन, जयपुर द्वारा 'JAS-2026 - द प्रीमियम B2B शो' का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्घाटन 3 जुलाई को सुबह 10:00 बजे होगा। यह शो अपने अभूतपूर्व स्वरूप, भव्य पैमाने और ऐतिहासिक वैश्विक साझेदारियों के साथ रत्न और आभूषण व्यवसाय में विकास के नए आयाम स्थापित करने के लिए तत्पर है। ज्वेलर्स एसोसिएशन अपनी स्थापना का शताब्दी वर्ष (100वां वर्ष) मना रहा है, जिसके चलते इस शो को और अधिक विशेष रूप दिया गया है। लगातार सातवीं बार विशुद्ध रूप से बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) प्रारूप में आयोजित यह शानदार आयोजन एमएसएमई (MSME) में पंजीकृत है। इस वर्ष कुल 351 आलीशान बूथ तैयार किए गए हैं, जिनमें रंग-बिरंगे रत्नों के लिए 201 बूथ, मनमोहक आभूषणों के लिए 149 बूथों के साथ एक विशेष अलाइड सेक्शन शामिल है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 16 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।

शो के भव्य उद्घाटन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं दुनिया की सबसे बड़ी प्राकृतिक हीरा निर्माता कंपनी 'किरण जेम्स प्राइवेट लिमिटेड' के सह-संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक श्री मावजीभाई शामजीभाई पटेल करेंगे। इस अवसर पर 'मालाबार ग्रुप' के वाइस चेयरमैन एवं जीईडी श्री के.पी. अब्दुल सलाम, 'दुबई ज्वेलरी ग्रुप' के चेयरमैन एवं 'जवाहरा ज्वेलरी, दुबई' के सीईओ श्री तौहीद अब्दुल्लाह और नेशनल जेम एंड ज्वेलरी काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन श्री प्रमोद डेरेवाला विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

इस शो की सबसे युगांतरकारी उपलब्धि 'दुबई गोल्ड एंड ज्वेलरी ग्रुप (DJG)' और 'ज्वेलर्स एसोसिएशन, जयपुर (JAS)' के बीच होने वाला द्विपक्षीय समझौता ज्ञापन (MOU) है। यह ऐतिहासिक एमओयू भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के आभूषण उद्योगों के बीच सहयोग का नया अध्याय लिखेगा। इसके तहत सोने, रंग-बिरंगे पत्थरों और हीरा-जड़ित आभूषणों के व्यापार को गति मिलेगी। इस समझौते से जयपुर के जौहरियों को दुबई के विशाल वैश्विक बाजार तक सीधी पहुंच प्राप्त होगी, जिससे अंतरराष्ट्रीय निर्यात में वृद्धि होगी। वहीं, दुबई के व्यापारियों को जयपुर के नायाब रत्नों और पारंपरिक हस्तशिल्प की सीधी उपलब्धता सुनिश्चित होगी। यह साझेदारी तकनीकी सहयोग, डिजाइन नवाचार, कौशल विकास, संयुक्त व्यापारिक प्रतिनिधिमंडलों के दौरे, खरीदार-विक्रेता बैठकों और अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों के माध्यम से छोटे तथा मध्यम दर्जे (MSME) के ज्वेलरी उद्योगों को वैश्विक पहचान दिलाएगी। साथ ही, यह गुणवत्ता के उच्च मानकों, प्रमाणन, पारदर्शिता और टिकाऊ व्यापार को बढ़ावा देगी।

इस शो के साथ ही जयपुर में पहली बार 'ज्वेलरी एमिनेंस अवार्ड्स (JEA-2026)' का आयोजन हो रहा है। इस भव्य पुरस्कार समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री अनुराग ठाकुर होंगे। यह प्रतियोगिता 21 श्रेणियों में आयोजित है, जिसमें इस वर्ष 'जेमस्टोन' श्रेणी भी शामिल की गई है। JEA के 18वें संस्करण के लिए देश के विभिन्न कोनों से रिकॉर्ड 647 प्रविष्टियां प्राप्त हुईं, जिनका अंतिम मूल्यांकन 17 जून 2026 को होटल आईटीसी राजपूताना में जूरी राउंड के दौरान भौतिक प्रणाली से संपन्न हुआ। इस प्रक्रिया में ज्वेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री राजू मंगोड़ीवाला, उपाध्यक्ष श्री गोविंद प्रकाश अग्रवाल, मानद मंत्री श्री अजय गोधा, संयोजक श्री अशोक माहेश्वरी, सह-संयोजक श्री अनिल तांबी और जेईए समन्वयक श्री नरेश अग्रोया सहित समिति के वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे। जूरी में शालिनी झवेरी, मेघाली गुप्ता, राज मथानी, प्रतीक्षा प्रशांत, गरिमा माहेश्वरी, गौरवी कुमारी और आशना वासवानी शामिल थीं। प्रतियोगिता का समापन 4 जुलाई 2026 को होटल नोवोटेल जेईसीसी में आयोजित होने वाली 'ग्रैंड गाला अवार्ड्स नाइट' में होगा, जहां बॉलीवुड अभिनेत्री युविका चौधरी उत्कृष्ट शिल्पकारों को पुरस्कृत करेंगी।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story