प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों से 9 जिलों में सस्ती दवाओं की नई पहल, 50 से 80% तक कम कीमत
जयपुर में सहकारिता मंत्री ने 9 जिलों में जन औषधि केंद्रों का ई-लोकार्पण किया। यहां दवाइयाँ बाजार दरों से 50 से 80% तक सस्ती मिलेंगी।

जयपुर में 13 अगस्त को सहकारिता मंत्री श्री गौतम कुमार दक ने 9 जिलों में जिला सहकारी उपभोक्ता भंडारों द्वारा संचालित नवीन प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों (PMJAK) का ई-लोकार्पण किया। RAS Club में आयोजित राज्य स्तरीय तिरंगा सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान हुए इस ई-लोकार्पण के साथ आमजन को बाजार दरों से 50 से 80 प्रतिशत तक कम कीमत पर दवाइयाँ उपलब्ध कराने की पहल शुरू हुई।
सहकारिता मंत्री श्री गौतम कुमार दक ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को बेहद किफायती दरों पर उच्च गुणवत्ता की दवाइयाँ उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन को बेहतर और सस्ती स्वास्थ्य सुविधाएँ देने के लिए प्रतिबद्ध है। इन केंद्रों के खुलने से स्थानीय निवासियों के चिकित्सा खर्च में भारी कमी आएगी।
सवाई माधोपुर, धौलपुर, पाली, जालोर, उदयपुर, बीकानेर, बांसवाडा, कोटा और भरतपुर जिलों में नवीन जन औषधि केंद्रों का लोकार्पण किया गया।
इस अवसर पर शासन सचिव सहकारिता डाॅ0 समित शर्मा ने बताया कि इन जन औषधि केंद्रों पर 650 से 750 प्रकार की जेनेरिक दवाइयाँ और सर्जिकल आइट्मस बाजार दरों से 50 से 80 प्रतिशत तक कम कीमतों पर उपलब्ध होंगे। डाॅ0 शर्मा ने बताया कि जन औषधि की दवाइयाँ गुणवत्ता मानकों पर खरी और प्रमाणिक होती हैं।
उल्लेखनीय है कि सहकारिता विभाग द्वारा जिला सहकारी उपभोक्ता भंडारों के माध्यम से प्रत्येक जिले में एक-एक नवीन जन औषधि केंद्र खोले जाने का लक्ष्य रखा गया है। शीघ्र ही आमजन की सुविधा के लिए सभी जिलों में जन औषधि केंद्र प्रारम्भ किए जाएंगे। इससे सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाइयों की उपलब्धता को राज्यभर में विस्तार देने की दिशा में सहकारिता विभाग की पहल आगे बढ़ेगी।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
