पाली मारवाड़। उत्तर पश्चिम रेलवे के पाली मारवाड़ रेलवे स्टेशन पर आज केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने गाड़ी संख्या 04875, जालोर–दिल्ली उद्घाटन स्पेशल रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जनप्रतिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में रेल मंत्री ने कहा कि पाली मारवाड़ क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही बेहतर रेल संपर्क की मांग को आज इस नई रेल सेवा के माध्यम से पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में स्थापित यह रेल सेवा पाली का देश की राजधानी और राज्य की राजधानी से सीधा संपर्क स्थापित करेगी, जिससे क्षेत्र के विकास, व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

रेल मंत्री ने स्पष्ट किया कि बेहतर कनेक्टिविटी से विभिन्न शहरों के बीच आवागमन सरल और सुविधाजनक होगा। राजस्थान में चल रहे रेलवे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि राज्य में 76,800 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं प्रगति पर हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत 85 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है, जिसमें पाली मारवाड़, सोजत रोड, फालना, सोमेसर और मारवाड़ जंक्शन जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जयपुर, कोटा, जोधपुर, अजमेर, आबूरोड, पाली मारवाड़ और जैसलमेर स्टेशनों का पुनर्विकास स्थानीय कला एवं संस्कृति के अनुरूप किया जा रहा है, जिससे ये शहर पर्यटन के केंद्र के रूप में विकसित हो रहे हैं। रेल मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि राजस्थान में नई लाइन, दोहरीकरण और गेज परिवर्तन की अनेक परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं, जिनमें तारंगा हिल-आबू रोड और मारवाड़-मावली गेज परिवर्तन कार्य महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने बताया कि कोविड काल के बाद से अब तक राजस्थान के लिए वंदे भारत, अमृत भारत एवं विभिन्न एक्सप्रेस सहित 46 जोड़ी नई ट्रेनों की शुरुआत की गई है।

कार्यक्रम में सांसद श्री पीपी चौधरी ने रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी करने के लिए धन्यवाद दिया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री मदन राठौड़, जालोर सांसद लुंबाराम चौधरी, विधायक पुष्पेंद्र सिंह, विधायक शोभा रानी, मारवाड़ जंक्शन से केसाराम चौधरी, उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री अमिताभ और मंडल रेल प्रबंधक जोधपुर श्री अनुराग त्रिपाठी सहित अनेक जनप्रतिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

इसी क्रम में यात्रियों की सुविधा हेतु रेलवे द्वारा भुज–दिल्ली–भुज प्रतिदिन एक्सप्रेस रेल सेवा (वाया भीलड़ी–जालौर) का संचालन भी प्रारंभ किया गया है। गाड़ी संख्या 19403, भुज–दिल्ली प्रतिदिन एक्सप्रेस 23 मई 2026 से भुज से 11:15 बजे प्रस्थान कर अगले दिन 11:45 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 19404, दिल्ली–भुज प्रतिदिन एक्सप्रेस 24 मई 2026 से दिल्ली से 16:40 बजे प्रस्थान कर अगले दिन 19:35 बजे भुज पहुंचेगी। यह ट्रेन अंजार, गांधीधाम, भचाऊ, भीलड़ी, धनेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालौर, मोकलसर, समदड़ी, लूनी, पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, अलवर और रेवाड़ी स्टेशनों पर रुकेगी। इस सेवा में 01 सेकंड एसी, 03 थर्ड एसी, 08 द्वितीय शयनयान, 04 द्वितीय साधारण श्रेणी, 01 पावर कार एवं 01 गार्ड डिब्बे सहित कुल 18 एलएचबी कोच की सुविधा उपलब्ध है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story