ब्यावर रेलवे स्टेशन पर जालौर-दिल्ली एक्सप्रेस का स्वागत, अब रुकेंगी 29 जोड़ी ट्रेनें
अमृत भारत स्टेशन ब्यावर पहुंची उद्घाटन विशेष रेलगाड़ी का हुआ स्वागत, भुज-दिल्ली एक्सप्रेस के संचालन से यात्रियों को मिलेगी सुविधा।

ब्यावर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार रात्रि को जालौर-दिल्ली एक्सप्रेस उद्घाटन विशेष ट्रेन पहुंचने पर स्वागत करते (बाएं से दाएं) पूर्व पार्षद मनोज तंवर, स्टेशन प्रबंधक अशोक कुमार आदरा, नगर परिषद के निवर्तमान सभापति नरेश कन्नौजिया, अजमेर मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति सदस्य रतन सिंह महता व अन्य रेलवे अधिकारी।
जालौर-दिल्ली एक्सप्रेस उद्घाटन विशेष (एक तरफा) रेलगाड़ी संख्या 04875 शुक्रवार रात्रि करीब दस बजे अमृत भारत रेलवे स्टेशन ब्यावर पहुंची तो स्टेशन परिसर स्वागत समारोह में बदल गया। स्टेशन प्रबंधक अशोक कुमार आदरा, नगर परिषद के निवर्तमान सभापति नरेश कन्नौजिया, पूर्व पार्षद मनोज तंवर तथा अजमेर मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति सदस्य रतन सिंह महता ने रेलगाड़ी चालक, सह चालक और रेलगाड़ी प्रबंधक का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया।
जालौर से रवाना हुई इस उद्घाटन विशेष रेलगाड़ी को पाली स्टेशन पर केन्द्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं संचार प्रौद्योगिकी मंत्री Ashwini Vaishnaw ने हरी झंडी दिखाकर नई दिल्ली के लिए रवाना किया था। ट्रेन के ब्यावर पहुंचने पर रेल यात्रियों और रेलवे अधिकारियों में उत्साह का माहौल दिखाई दिया।
रेलवे प्रशासन के अनुसार भुज-दिल्ली एक्सप्रेस (19403) प्रतिदिन मध्य रात्रि 1 बजकर 10 मिनट पर तथा दिल्ली-भुज एक्सप्रेस (19404) अल सुबह 3 बजकर 8 मिनट पर ब्यावर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। नई रेल सेवा के संचालन से क्षेत्र के यात्रियों को दिल्ली सहित अन्य प्रमुख शहरों तक आवागमन में सुविधा मिलेगी।
इस नई रेल सेवा के शुरू होने के साथ ही ब्यावर रेलवे स्टेशन पर रुकने वाली रेलगाड़ियों की संख्या बढ़कर अब 29 जोड़ी हो गई है। रेलवे कनेक्टिविटी में हुई यह बढ़ोतरी क्षेत्र के यात्रियों, व्यापारिक गतिविधियों और रेल यातायात के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
