जालोर-भुज-दिल्ली रेल सेवा: 22 मई को अश्विनी वैष्णव करेंगे शुभारंभ
जालोर के लिए नई रेल सेवा का शुभारंभ 22 मई 2026 को होगा। इससे जालोर का जयपुर और दिल्ली के साथ सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा, जिससे क्षेत्र में विकास को नई गति मिलेगी।

भारतीय रेल के इतिहास में जालोर के लिए 22 मई 2026 का दिन स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होगा। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स तथा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव इस दिन जालोर रेलवे स्टेशन से भुज-दिल्ली वाया भीलडी-जालोर-पाली मारवाड़-मारवाड़ जं उद्घाटन स्पेशल रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर पर जालोर के माननीय सांसद श्री लूंबाराम सहित क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
यह रेल सेवा जालोर और आसपास के क्षेत्रों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होगी क्योंकि इसके माध्यम से पहली बार जालोर का राजस्थान की राजधानी जयपुर और देश की राजधानी दिल्ली से सीधा रेल संपर्क स्थापित हो रहा है। भुज से दिल्ली के बीच संचालित होने वाली यह रेल सेवा अंजार, गांधीधाम, भचाउ, भीलडी, धनेरा, रानीवाडा, मारवाड भीनमाल, मोदरान, जालोर, मोकलसर, समदडी, लूनी, पाली मारवाड़, मारवाड जं, ब्यावर, अजमेर, किषनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, अलवर और रेवाडी स्टेशनों पर ठहराव करेगी, जिससे इन सभी क्षेत्रों के निवासियों को सीधा लाभ प्राप्त होगा।
पश्चिमी और उत्तर भारत के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में कार्य करते हुए, यह नई रेल सेवा न केवल यात्रियों की सुविधा को नई गति प्रदान करेगी, बल्कि इस पूरे अंचल के आर्थिक और सामाजिक विकास में भी अहम योगदान देगी। राजधानी से जुड़ने के उपरांत जालोर और इसके आसपास के क्षेत्रों में व्यापार और पर्यटन की नई संभावनाएं खुलेंगी, जो क्षेत्र की प्रगति को नई दिशा प्रदान करेंगी।

