सुमेरपुर: 11 गांवों में जल जीवन मिशन के अधूरे कार्य होंगे पूरे, कार्यादेश जारी
पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत के प्रयासों से 11 गांवों में पेयजल संकट होगा दूर, नई फर्म को 740.10 लाख का काम आवंटित।

नया कार्यादेश और बजट विवरण
अतिरिक्त मुख्य अभियंता, जोधपुर प्रथम दिनेश नागौरी द्वारा इस बाबत् नया कार्यादेश 18.02.2026 को फर्म मैसर्स हेमाराम धुंधवाल, जोधपुर को जारी किया गया है। विभाग द्वारा क्लाज 2 तथा क्लाज 3 के अंतर्गत 740.10 लाख का यह कार्यादेश जारी किया है। संवेदक फर्म को यह 9 माह की अवधि में पूर्ण करना है।
पिछली फर्म की लापरवाही और निरस्त कार्यवाही
- इस कार्य की स्वीकृति जल जीवन मिशन के अंतर्गत 12.03.2021 को राशि 970 लाख के लिए जारी की गई थी।
- विगत कांग्रेस सरकार के समय स्वीकृत इस कार्य हेतु कार्यादेश मैसर्स ए.के. उपाध्याय, बांदा, उत्तर प्रदेश को 870.78 लाख का कार्यादेश 24.02.2022 को जारी किया गया था।
- इस फर्म द्वारा सभी कार्य 05.12.2022 को पूर्ण किया जाना था।
- फर्म ने लापरवाही बरतते हुए केवल ग्राम गुरडाई में उच्च जलाशय निर्माण कार्य प्रारम्भ किया तथा 4.1 किमी डी.आई पाइप लाइन की आपूर्ति की थी।
"विधायक सुमेरपुर एवं पशुपालन एवं देवस्थान विभाग मंत्री श्री जोराराम कुमावत द्वारा भी संवेदक फर्म मैसर्स ए.के. उपाध्याय बांदा उत्तर प्रदेश द्वारा समय पर तथा गुणवत्ता पूर्वक कार्य नहीं करने के कारण विभागीय अधिकारियों को कई बार फर्म के विरूद्ध कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया था।"
विभागीय कार्यवाही और कानूनी प्रक्रिया
जन स्वा. अभि. विभाग द्वारा कई बार नोटिस दिये जाने के बाद फर्म द्वारा कार्य की प्रगति हेतु कोई रूचि नहीं दिखाये जाने के कारण संवेदक फर्म मैसर्स ए.के. उपाध्याय का कार्यादेश क्लोज 2 तथा क्लोज 3 के अन्तर्गत विभागीय वित्तीय समिति द्वारा 886 की बैठक दिनांक 02.08.2024 में रिसाईण्ड किया गया तथा नई निविदा आमंत्रित करने के निर्देश जारी किये गये। डिफ़ॉल्ट फर्म द्वारा रिसाईण्ड आदेश पर रोक लगाने के लिए राजस्थान उच्च न्यायालय में रिट भी दायर की गई थी, परन्तु विभाग द्वारा अतिरिक्त एडवोकेट जनरल के माध्यम से पैरवी करवाकर रिसाईण्ड की कार्यवाही पर रोक नहीं लगने दी गयी।
भावी कार्ययोजना और लक्ष्य
अब 18.02.2026 को जारी नये कार्यादेश में फर्म मैसर्स हेमाराम धुंधवाल को इन कार्यों को 9 माह में पूर्ण करने के आदेश दिए हैं। इसके तहत आगामी लक्ष्य निम्न प्रकार हैं:
- नई फर्म को गुरडाई में अधूरे पड़े 150 केएल उच्च जलाशय को पूर्ण कर चालू करना होगा तथा देवान, गोदावास, पादरला व गुड़ा प्रताप सिंह में 100-100 केएल उच्च जलाशय निर्माण कार्य किया जाएगा।
- गुड़ा प्रताप सिंह में 18.27 कि.मी. डी.आई पाईप लाइन बिछाई जाएगी।
- कान्दरा से गुंरडाई, डरी से देवाण, डरी से गोदावास, पादरला पम्प हाउस से पादरला, पादरला पम्प हाउस से गुडा प्रताप सिंह उच्च जलाशय के अतिरिक्त 11 ग्रामों डरी, मणिहारी, भावंरी, गोदावास, पादरला, गुडा प्रताप सिंह, कान्दरा, गुरडाई, राणा, देवाण तथा कुण्डली चारणान में 47.87 कि.मी. एचडीपीई वितरण पाईपलाईन लगाया जाना प्रस्तावित है।
- इन गांवों में शेष बचे 4618 एफएचटीसी कनेक्शन भी किये जाने हैं और संवेदक द्वारा पम्पिंग सिस्टम तथा प्रत्येक ग्राम की विलेज ट्रांसफर चेम्बर तक की पाइपलाईन का कार्य पूर्ण होने के बाद 5 वर्षों का संचालन एवं संधारण किया जाना है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
