अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत लगभग 140 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित जैसलमेर रेलवे स्टेशन पूरी तरह तैयार हो चुका है। हेरिटेज वास्तुकला और अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित यह स्टेशन पश्चिमी राजस्थान की नई पहचान बनने जा रहा है, जिससे यात्रियों के साथ-साथ क्षेत्रीय पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार जैसलमेर रेलवे स्टेशन का नया मुख्य स्टेशन भवन जी+2 संरचना में लगभग 8,327 वर्गमीटर क्षेत्र में निर्मित किया गया है। भवन के बाहरी हिस्से में जैसलमेर के प्रसिद्ध स्वर्णिम पीले पत्थर का उपयोग किया गया है, जिससे स्टेशन को शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत के अनुरूप भव्य हेरिटेज स्वरूप मिला है। इसके विशाल प्रवेश और निकास द्वार स्टेशन की आकर्षक पहचान को और सशक्त बनाते हैं।

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर 10 लिफ्ट, 10 एस्केलेटर, प्लेटफॉर्मों को जोड़ने वाले 6 मीटर चौड़ाई के दो फुट ओवरब्रिज, विशाल एयर कॉनकोर्स, आधुनिक प्रतीक्षालय, विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया, सुव्यवस्थित पार्किंग, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं तथा 480 वर्गमीटर का वाणिज्यिक क्षेत्र विकसित किया गया है। इसके अलावा तीनों प्लेटफॉर्मों पर 10 हजार वर्गमीटर से अधिक क्षेत्र में आधुनिक शेड लगाए गए हैं, ताकि यात्रियों को हर मौसम में बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके।

जैसलमेर क्षेत्र में पर्यटन सीजन के दौरान होने वाले उच्च यात्री आवागमन को देखते हुए सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप स्टेशन की सभी प्रमुख वाणिज्यिकी परिसंपत्तियों के आवंटन का सफलतापूर्वक आउटसोर्स किया जा चुका है। इसके तहत स्टेशन परिसर में स्थापित कियोस्क, रिटायरिंग रूम एवं डॉरमेटरी, एयर कॉनकोर्स से सटे वेटिंग लाउंज एवं मल्टी-पर्पज हॉल तथा आधुनिक वाहन पार्किंग सुविधाएं विकसित की गई हैं। इसी प्रकार जैसलमेर रेलवे स्टेशन पर रेल कोच रेस्टोरेंट और कैटरिंग स्टॉलों की सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। इन वाणिज्यिकी परिसंपत्तियों के प्रभावी उपयोग से रेलवे को प्रतिवर्ष लगभग 50 लाख रुपये की गैर-किराया आय प्राप्त होने का अनुमान है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के अनुसार यह उपलब्धि जैसलमेर रेलवे स्टेशन की परिसंपत्तियों के बेहतर उपयोग के माध्यम से गैर-किराया राजस्व में वृद्धि तथा यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पर्यटन नगरी जैसलमेर में विकसित यह आधुनिक रेलवे स्टेशन यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ क्षेत्रीय पर्यटन, स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति प्रदान करेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story