जयपुर/नई दिल्ली: उत्तर पश्चिम रेलवे ने राष्ट्रीय स्तर पर गाड़े सफलता के झंडे, रेल मंत्री ने 3 शील्ड और 5 व्यक्तिगत पुरस्कारों से नवाजा
नई दिल्ली के यशोभूमि में आयोजित 70वें अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार समारोह 2025 में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उत्तर पश्चिम रेलवे को 3 प्रतिष्ठित शील्ड और 5 कर्मचारियों को व्यक्तिगत पुरस्कारों से सम्मानित किया। महाप्रबंधक श्री अमिताभ के नेतृत्व में मिली इस उपलब्धि ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्तर पश्चिम रेलवे की कार्यकुशलता और टीमवर्क का गौरव बढ़ाया है।

नई दिल्ली/जयपुर। भारतीय रेलवे के मानचित्र पर उत्तर पश्चिम रेलवे ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता और समर्पण का लोहा मनवाया है। देश की राजधानी दिल्ली के द्वारका स्थित इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर 'यशोभूमि' में शुक्रवार, 9 जनवरी 2026 को आयोजित 70वें 'अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार (राष्ट्रीय)-2025' समारोह में उत्तर पश्चिम रेलवे की उपलब्धियों की गूँज सुनाई दी। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने उत्तर पश्चिम रेलवे को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 3 प्रतिष्ठित राष्ट्रीय शील्ड और 5 रेलकर्मियों को व्यक्तिगत पुरस्कारों से सम्मानित किया। यह गरिमामयी समारोह भारतीय रेलवे की सेवा और सक्षमता का उत्सव बन गया, जहाँ उत्तर पश्चिम रेलवे की टीम ने अपनी मेहनत का परचम लहराया।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शशि किरण द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के हाथों यह सम्मान ग्रहण करने के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे का नेतृत्व महाप्रबन्धक श्री अमिताभ ने किया। इस गौरवशाली क्षण के दौरान उनके साथ अपर महाप्रबन्धक श्री अशोक माहेश्वरी, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री आर.के मूंदडा और मंडल रेल प्रबन्धक-अजमेर श्री राजू भूतडा उपस्थित रहे। उत्तर पश्चिम रेलवे की झोली में इस वर्ष 'सम्पूर्ण कार्यकुशलता' के लिए प्रतिष्ठित 'गोविन्द वल्लभ पंत शील्ड', 'वैगन मेंटेनेंस शील्ड' और आबू रोड रनिंग रूम के उत्कृष्ट संचालन हेतु 'रर्निंग रूम शील्ड' आई है। ये पुरस्कार दर्शाते हैं कि उत्तर पश्चिम रेलवे न केवल परिचालन बल्कि रखरखाव और कर्मचारी सुविधाओं के मानकों में भी देश में अग्रणी रहा है।
समारोह में केवल प्रशासनिक दक्षता ही नहीं, बल्कि व्यक्तिगत स्तर पर असाधारण कार्य करने वाले प्रतिभाशालियों को भी गौरव प्रदान किया गया। उत्तर पश्चिम रेलवे की उप मुख्य कार्मिक अधिकारी श्रीमती मेघा गोदारा देव और मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुश्री मोनिका यादव को उनके विशिष्ट प्रशासनिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, तकनीकी और सुरक्षा मोर्चे पर मुस्तैदी दिखाने वाले सीनियर सेक्शन इंजीनियर श्री शिवलाल जयसिंह पुरोहित, सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने वाले कांस्टेबल श्री ओंकार और रेल संचालन की कमान सँभालने वाले लोको पायलट श्री मुबारिक हुसैन मंसूरी को भी रेल मंत्री द्वारा प्रमाण पत्र व पुरस्कार प्रदान किए गए।
इन राष्ट्रीय शील्डों और पुरस्कारों की प्राप्ति को महाप्रबंधक श्री अमिताभ के कुशल नेतृत्व और विभागाध्यक्षों के प्रभावी मार्गदर्शन का प्रतिफल माना जा रहा है। रेलवे प्रशासन का स्पष्ट लक्ष्य, पारदर्शी कार्यप्रणाली और परिणामोन्मुखी दृष्टिकोण इस सफलता के मूल स्तंभ रहे हैं। यह उपलब्धि न केवल उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रत्येक कर्मचारी की मेहनत, अनुशासन और अटूट टीमवर्क का परिणाम है, बल्कि यह भविष्य में यात्री सेवा और सुरक्षा के मानकों को और अधिक ऊँचा ले जाने की प्रेरणा भी प्रदान करती है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
